असम सीएम का भूपेश बघेल पर बड़ा आरोप, कहा- नक्सलियों के सहयोग से चुनाव लड़ रही है कांग्रेस

ChhattisgarhTak

14 Nov 2023 (अपडेटेड: Mar 11 2024 6:04 PM)

Chhattisgarh Elections 2023- असम के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस नक्सलियों के सहयोग से…

NewsTak
Google CTA

Chhattisgarh Elections 2023- असम के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस नक्सलियों के सहयोग से चुनाव लड़ रही है. इस दौरान उन्होंने धर्मांतरण, महादेव ऐप मामले को लेकर भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) पर निशाना साधा. साथ ही उन्होंने वादा किया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार आते ही बेटे-बेटियों को असम की तरह नौकरी देने का काम किया जाएगा.

Read more!

गरियाबंद जिले में एक सभा को संबोधित करते हुए सरमा ने कहा, “कांग्रेस नक्सलियों के सहयोग से चुनाव लड़ रही है. भूपेश बघेल सीआरपीएफ पर सवाल उठाते हैं. जो फोर्स नक्सलियों से लोहा लेते-लेते अपने प्राण न्यौछावर कर देते हैं, शहीद हो जाते हैं उन पर टिप्पणी करते हैं.

सरमा बिंद्रानवागढ़ विधानसभा के गुरुजी भाटा में भाजपा प्रत्याशी गोवर्धन सिंग मांझी के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे थे.

उन्होंने आगे कहा कि भूपेश बघेल नक्सलियों के खिलाफ कदम नहीं उठाते. भूपेश बघेल को लगता है कि वे कांग्रेस नक्सल के सपोर्ट से सरकार बना लेंगे.

सरमा ने कहा,  “गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पांच साल में छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को खत्म कर देंगे.”

असम के सीएम ने कहा,  “मैंने दो साल के असम के सरकार में 90 हजार बेटे-बेटियों को नौकरी दी. छत्तीसगढ़ में भी सरकार आते ही बेटे बेटियों को नौकरी देने का काम किया जाएगा.”

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने शराबबंदी के नाम पर छत्तीसगढ़ की महिलाओं को धोखा दिया. शराबबंदी तो नहीं की, बल्कि हजारों करोड़ों का शराब घोटाला करके अपनी तिजोरी भरी.

Loading the player...

‘आपका हिसाब स्वयं महादेव लेंगे’

सरमा ने सीएम बघेल को महादेव ऐप मामले में घेरते हुए कहा कि आपका हिसाब स्वयं महादेव लेंगे. बता दें कि महादेव सट्टेबाजी ऐप को लेकर भाजपा लगातार कांग्रेस और सीएम बघेल पर हमलावर है. उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल ने महादेव एप के नाम पर पैसा लूटने का काम किया.

सरमा ने पूछा, “भूपेश बघेल ने गंगा का कसम खाया था कि दारू बंद करूंगा, लेकिन नहीं किया. भुपेश बघेल ने कहा था, कि जब कांग्रेस की सरकार आएगी तो हर साल गैस सिलेंडर मुफ्त देंगे, मिला क्या? बेरोजगारों को भत्ता देने की बात कही. नौकरी देने की बात कही लेकिन नहीं दी.”

 

‘मोदी पर विश्वास रखिए….’

सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ भारत के नेता नहीं हैं बल्कि विश्व में भी नरेंद्र मोदी का सम्मान है.मोदी जी जो बोलते हैं वो करके दिखाते हैं.

उन्होंने कहा,  “मोदी जी कल छत्तीसगढ में थे. उन्होंने कहा कि प्रति क्विंटल 21 किलो धान खरीदा जाएगा. सभी महिलाओं को 1000 रुपया महीना दिया जाएगा. गैस सिलेंडर 500 में मिलना शुरू हो जाएगा. असम में हम हर महीने माताओं-बहनों के खाते में 1000 रुपए डालते हैं. हमारी सरकार आते ही महतारी वंदना योजना शुरू होगी.”

उन्होंने पूछा कि भूपेश बघेल ने क्या दिया?

भाजपा नेता ने कहा, “छत्तीसगढ़ में ऐसी सरकार बनानी है, जो जनता का विकास करे.जनता का उत्साह देख के 100 फीसदी कहता हूं कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनेगी. मोदी जी में विश्वास करिए.”

(गरियाबंद से राहुल ठाकुर की रिपोर्ट)

इसे भी पढ़ें- बीजेपी सत्ता में आई तो 5 साल में छत्तीसगढ़ से खत्म हो जाएगा नक्सलवाद: अमित शाह