शराब पीते-पीते हुआ झगड़ा, मामा-भांजे ने ईंट और बाल्टी से पीटकर कर दी युवक की हत्या

रघुनंदन पंडा

• 04:03 PM • 24 Sep 2026

छत्तीसगढ़ के भिलाई में शराब पीने के दौरान तीन लोगों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि मामा-भांजे ने ईंट और लोहे की बाल्टी से पुरन भारती के सिर पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Bhilai murder case
Bhilai murder case
Google CTA

 शराब पीते-पीते हुआ झगड़ा, मामा-भांजे ने ईंट और बाल्टी से पीटकर कर दी युवक की हत्या

Read more!

छत्तीसगढ़ के भिलाई में शराब पार्टी के दौरान एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है. जामुल थाना इलाके में तीन लोग एक घर में बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया. बात इतनी बढ़ गई कि एक युवक पर ईंट और लोहे की बाल्टी से हमला कर दिया गया. हमले में उसकी मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में मामा और भांजे को गिरफ्तार किया है. दोनों को जेल भेज दिया गया है.

घर में बैठकर पी रहे थे शराब

पुलिस के मुताबिक यह घटना जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम कुरुद की है. यहां मनीष बघेल के घर में उसका 19 साल का भांजा राज जोशी और उनका परिचित पुरन भारती बैठकर शराब पी रहे थे.

इसी दौरान पुरन भारती और मनीष बघेल के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई. दोनों के बीच गाली-गलौज भी होने लगी. पुलिस की जांच में पुरानी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है.

विवाद बढ़ा तो ईंट और बाल्टी से हमला

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान मनीष बघेल का भांजा राज जोशी भी बीच में आ गया. इसके बाद उसने घर में रखी ईंट और लोहे की बाल्टी से पुरन भारती के सिर पर हमला कर दिया. सिर पर कई बार चोट लगने से पुरन भारती गंभीर रूप से घायल हो गया. उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

मनीष ने ही पुलिस को दी सूचना

घटना के बाद मनीष बघेल ने जामुल पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए. इसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

मामा-भांजे दोनों गिरफ्तार

पुलिस ने मनीष बघेल और उसके भांजे राज जोशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के बाद दोनों को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस ने क्या बताया?

भिलाई-दुर्ग के एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम कुरुद में हत्या की घटना हुई है. एक घर में तीन लोग मौजूद थे. आपसी विवाद और पुरानी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ.

एएसपी के मुताबिक विवाद के दौरान दो लोगों ने मिलकर तीसरे व्यक्ति पर हमला किया. ईंट से हमला करने के कारण उसकी मौत हो गई. इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.