छत्तीसगढ़ के भिलाई में सनसनी, गटर की सफाई के दौरान पॉलीथिन से निकला इंसान का कटा हुआ सिर!

रघुनंदन पंडा

• 03:47 PM • 28 Oct 2026

छत्तीसगढ़ के भिलाई में सीवरेज गटर की सफाई के दौरान पॉलीथिन में एक महीने पुराना इंसान का कटा हुआ सिर मिलने से सनसनी फैल गई है. पुलिस ने अवशेष को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और डीएनए जाँच के लिए भेज दिया है तथा मृतक के धड़ की तलाश शुरू कर दी है.

छत्तीसगढ़ से आया हैरान करने वाला मामला
छत्तीसगढ़ से आया हैरान करने वाला मामला
Google CTA

छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां सीवरेज गटर की सफाई कर रहे मजदूरों को पॉलीथिन के अंदर से इंसान का कटा हुआ सिर मिला है. इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जाँच कर रही है.

Read more!

गटर की सफाई के दौरान खुला राज

घटना भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र के भिलाई क्लब टेनिस ग्राउंड के पास स्थित सुनसान जंगल की है. यहाँ सीवरेज लाइन जाम होने की शिकायत मिलने पर ठेका मजदूर सफाई करने पहुँचे थे. काम के दौरान मजदूरों को पाइप में एक भारी-भरकम पॉलीथिन फंसी हुई मिली. जब उन्होंने उसे खींचकर बाहर निकाला, तो तेज दुर्गंध आने लगी.

शुरुआत में मजदूरों को लगा कि यह किसी सुअर का सिर हो सकता है, लेकिन जैसे ही उन्होंने पॉलीथिन का मुंह खोला, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. अंदर किसी इंसान का कटा हुआ सिर था. मजदूरों ने बिना किसी देरी के इसकी सूचना तुरंत भिलाई नगर पुलिस को दी.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर

सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाने के टीआई जितेंद्र वर्मा और दुर्ग के एएसपी (शहर) भोजराज अग्रवाल पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे. पुलिस ने मानव अवशेष को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित रखवा दिया है और इसे पोस्टमार्टम तथा डीएनए जाँच के लिए भेज दिया है.

एएसपी भोजराज अग्रवाल ने बताया कि शुरुआती जाँच-पड़ताल शुरू कर दी गई है और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है. सिर के बाल और दांत के सैंपल जाँच के लिए भेजे गए हैं. पुलिस का अनुमान है कि यह कटा हुआ सिर करीब एक महीना पुराना हो सकता है.

धड़ की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का मानना है कि किसी शातिर अपराधी ने बेरहमी से हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के लिए सिर को सीवरेज पाइप में लाकर फेंक दिया होगा. फिलहाल, पुलिस की टीमें आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही हैं और मृतक के धड़ की तलाश में जुटी हैं ताकि उसकी शिनाख्त की जा सके. पोस्टमार्टम और डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही इस हत्या के पीछे की असली सच्चाई सामने आ पाएगी.

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़: बच्चा चोरी के शक में भीड़ ने की 5 महिलाओं की बेरहमी से पिटाई, सच जान उड़ जाएंगे होश!