BJYM कार्यकर्ताओं के विरोध के बीच बोले भूपेश बघेल- ED और IT बीजेपी के दो विंग

ChhattisgarhTak

30 Jul 2023 (अपडेटेड: Jul 31 2023 9:46 AM)

Bhupesh Baghel news: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरबा में भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर…

भूपेश बघेल- ED और IT बीजेपी के दो विंग
भूपेश बघेल- ED और IT बीजेपी के दो विंग
Google CTA

Bhupesh Baghel news: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरबा में भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग (आईटी) को भारतीय जनता पार्टी का दो विंग करार दिया है. वहीं सीएम को उनके कोरबा प्रवास के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के विरोध का भी सामना करना पड़ा. जहां सीएम के खिलाफ गो बैक के नारे लगाए गए, वहीं एक युवा कार्यकर्ता ने भरी सभा में काला झंडा दिखाया और मुर्दाबाद का नारा लगाया.

Read more!

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को एक दिवसीय कोरबा प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे. छत्तीसगढ़ में ईडी की लगातार कार्रवाई को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ईडी और आईटी भारतीय जनता पार्टी की दो मजबूत विंग हैं लेकिन वे बूथ में जाकर वोट नहीं दिला सकती.

सांसद और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के जिताऊ और टिकाऊ प्रत्याशी देने के कथन के पीछे खरीद-फरोख्त की संभावना के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने साफ किया कि उनकी पार्टी कांग्रेस कभी इस तरह के कार्य नहीं करती. तोड़फोड़ की राजनीति भारतीय जनता पार्टी करती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन कोरबा के लिए बड़ी उपलब्धियों से भरा रहा है. सुपरक्रिटिकल पावर प्लांट और मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया गया है और इसके साथ कई विकास कार्यो की सौगात दी गई है.

कोरबा में मुख्यमंत्री भूपेश को दिखाया गया काला झंडा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की आम सभा में आज उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब श्रोताओं की भीड़ के बीच से एक युवक अपनी कुर्सी पर उठ खड़ा हुआ और हवा में काला कपड़ा लहराते हुए भूपेश बघेल मुर्दाबाद का नारा लगाने लगा. कुछ देर के लिए तो सब स्तब्ध रह गए. तुरंत ही एक पुलिसकर्मी सक्रिय हुआ और नारा लगा रहे युवक को खींचकर कुर्सी से नीचे उतार दिया और अपने साथ सभा स्थल से ले जाने लगा.

इस बीच कुछ और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने युवक को घेर लिया और पीछे के रास्ते से अपने साथ लेकर सभा स्थल से बाहर चले गए. बाद में पता चला कि उक्त युवक भारतीय जनता युवा मोर्चा का कार्यकर्ता अजय कंवर है. सभा स्थल पर पहुंचने के पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक निहारिका में भी काला झंडा दिखाया और भूपेश बघेल वापस जाओ की नारेबाजी की. सुभाष चौक से 10 से अधिक युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और अपने साथ ले गई.