छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बार फिर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे सियासी बाण चलाए हैं. दुर्ग जिले के कुम्हारी में मीडिया से मुखातिब होते हुए बघेल ने महादेव सट्टा ऐप, बस्तर के हालात, धान खरीदी में रकबे की कटौती और घुसपैठिए जैसे तमाम बड़े मुद्दों पर बीजेपी को आड़े हाथों लिया.
ADVERTISEMENT
पूर्व सीएम ने महादेव सट्टा ऐप मामले में खुद पर लग रहे प्रोटेक्शन मनी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे 'मूर्खता की पराकाष्ठा' बताया. उन्होंने दो टूक कहा कि इस ऐप के खिलाफ सबसे पहले एफआईआर उनकी ही सरकार के कार्यकाल में दर्ज हुई थी और कड़ी कार्रवाई भी की गई थी.
सट्टा आज भी जारी है तो सवाल मौजूदा सरकार से पूछिए
सट्टा ऐप के कारोबार पर सवाल उठाते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि सौरभ चंद्राकर पकड़ा गया या नहीं, यह बड़ा मुद्दा नहीं है. असली सवाल यह है कि बीजेपी सरकार के इतने साल बीत जाने के बाद भी सट्टे का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है और नए-नए ऐप्स सामने आ रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर प्रोटेक्शन मनी ली जा रही है तो यह सवाल मौजूदा सरकार से पूछा जाना चाहिए, क्योंकि उनके राज में भी कारोबार बंद नहीं हुआ है. शुरुआत में मामले को सीबीआई को सौंपा गया और अब सिर्फ दिखावे की कार्रवाई की जा रही है.
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के बस्तर दौरों के पीछे बड़ा खेल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के लगातार बस्तर दौरों पर सवाल खड़े करते हुए बघेल ने आरोप लगाया कि इन दौरों के पीछे बस्तर की संपत्तियों को उद्योगपति अडानी को सौंपने का माहौल तैयार किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में नक्सलवाद काफी हद तक कमजोर हुआ था, जबकि रमन सिंह के वक्त यह चरम पर था. अमित शाह के उस वादे पर भी तंज कसा जिसमें नक्सलमुक्त हर पंचायत को एक करोड़ रुपये देने की बात कही गई थी. बघेल ने पूछा कि वह पैसा बस्तर की पंचायतों को आखिर कब मिलेगा?
सरकार की मंशा धान खरीदने की नहीं, रकबे में हो रही कटौती
राज्य सरकार की धान खरीदी की तैयारियों को पूरी तरह फेल बताते हुए पूर्व सीएम ने गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत किसानों से धान खरीदने की है ही नहीं. प्रदेश के कई गांवों और सहकारी समितियों में किसानों की जमीन का रकबा मनमाने तरीके से एक से दो एकड़ तक काट दिया गया है. अपने गांव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब उनके खुद के गांव में ऐसी स्थिति सामने आ रही है, तो बाकी जगहों का क्या हाल होगा. इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साल के चावल का 75 फीसदी हिस्सा अभी तक एफसीआई (FCI) में जमा नहीं हो पाया है, ऐसे में नए धान का भंडारण और मिलिंग कैसे होगी?
घुसपैठिए और एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर भी घेरा
बीजेपी नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि ऐसा लगता है उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है. देश में तीन करोड़ घुसपैठियों के दावे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने केंद्र को घेरा कि पिछले 12 साल से देश में बीजेपी की सरकार है, तो फिर उन विदेशी नागरिकों को बाहर क्यों नहीं निकाला गया? उन्होंने राहुल गांधी की चुनौती का जिक्र करते हुए पीएम मोदी से इस मुद्दे पर खुलकर बहस करने की मांग की.
ADVERTISEMENT


