सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने और रील पर ज्यादा से ज्यादा लाइक-व्यूज बटोरने का खुमार कुछ युवाओं पर इस कदर हावी हुआ कि उन्हें कानून और परंपरा दोनों का ध्यान नहीं रहा. बिलासपुर में पारंपरिक गरबा की वेशभूषा पहनकर हाथ में पिस्टल लहराते और सिगरेट के कश खींचते हुए रील बनाना 9 युवाओं को भारी पड़ गया. वीडियो वायरल होते ही मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद एक्शन लेते हुए पुलिस ने 5 लड़कियों और 4 लड़कों को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
गरबा टिकट और मेकअप प्रमोशन के लिए बनाई थी रील
दरअसल, यह पूरा मामला गरबा इवेंट के टिकट और मेकअप सर्विस के प्रचार-प्रसार से जुड़ा है. एक महिला और उसके साथियों ने पब्लिसिटी पाने के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक पर एक रील शेयर की थी. वीडियो में युवाओं का ग्रुप गरबा की पारंपरिक पोशाक पहने नजर आ रहा था. रील के बैकग्राउंड में गाना बज रहा था और लड़कियां सिगरेट पीते हुए हाथ में पिस्टल जैसी वस्तु का प्रदर्शन कर रही थीं.
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप
पारंपरिक परिधान में हथियार और सिगरेट का यह प्रदर्शन सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया. हिंदू संगठनों ने इस वीडियो पर कड़ा एतराज जताया। उनका कहना था कि धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों के साथ इस तरह का अशोभनीय व्यवहार भारतीय मूल्यों के खिलाफ है और इससे युवा पीढ़ी पर गलत असर पड़ता है. मामले की गंभीरता को देखते हुए संगठन के लोगों ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
बीएनएस के तहत केस दर्ज, पुलिस ने बाउंड ओवर भी कराया
शिकायत मिलते ही बिलासपुर पुलिस हरकत में आई। वीडियो को सबूत मानते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच आगे बढ़ाई. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रील में शामिल सभी 9 आरोपियों (5 युवतियां और 4 युवक) को गिरफ्तार कर लिया. सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कदम भी उठा रही है, जिसके तहत उनसे अधिकतम राशि का बाउंड ओवर (मुचलका) भरवाया जा रहा है.
सोशल मीडिया पर न करें ऐसा काम
इस घटना के बाद बिलासपुर पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स के लिए एक कड़ा संदेश जारी किया है. पुलिस का स्पष्ट कहना है कि मनोरंजन, पब्लिसिटी या लाइक-व्यूज के नाम पर धार्मिक आस्था, परंपराओं और सांस्कृतिक प्रतीकों का गलत इस्तेमाल बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हथियारों (या हथियारनुमा चीजों) का प्रदर्शन और आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट करने वालों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई होगी. इसके अलावा सोशल मीडिया पर भ्रामक और सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पर पुलिस की पैनी नजर है. पुलिस ने आम जनता और युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी से करें और बिना जांच-परख के किसी भी आपत्तिजनक या भ्रामक कंटेंट को आगे शेयर करने से बचें.
ये भी पढ़ें: सिगरेट पर कहासुनी, लड़की पर अभद्र कमेंट और खूनी अंजाम... 26 साल की छात्र की चाकू मारकर हत्या
ADVERTISEMENT


