दुल्हन, दहेज और अब... कमर्शियल गैस भी आपकी! छत्तीसगढ़ के इस होटल का अनोखा बोर्ड वायरल

ईरान-इजरायल युद्ध के कारण पैदा हुई कमर्शियल गैस की किल्लत के बीच अंबिकापुर के एक होटल ने बोर्ड लगाकर आयोजकों से खुद गैस लाने की शर्त रखी है, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

छत्तीसगढ़ न्यूज
छत्तीसगढ़ न्यूज

सुमित सिंह

follow google news

Chhattisgarh News: दुनिया के एक कोने में छिड़ी जंग का असर अब भारत के रसोइयों तक पहुंच गया है. ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एलपीजी की सप्लाई चैन को ऐसा झटका दिया है कि देश के कई शहरों में कमर्शियल गैस सिलेंडरों के लिए हाहाकार मच गया है. हालात इतने अजीब हो गए हैं कि छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक होटल मालिक को अपनी चौखट पर एक ऐसा बोर्ड लगाना पड़ा, जिसे पढ़कर हर कोई हैरान है.

Read more!

दुल्हन और दहेज आपका, गैस सिलेंडर भी आपका

अंबिकापुर के इस होटल के बाहर लगे बोर्ड पर लिखा है, 'दुल्हन, दहेज और कमर्शियल गैस आपकी, बाकी व्यवस्था होटल प्रबंधक की'. सुनने में यह किसी मजाक जैसा लग सकता है, लेकिन इसके पीछे होटल कारोबारियों की बेबसी छिपी है. दरअसल, शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि अब होटल संचालकों ने शादी-ब्याह और अन्य कार्यक्रमों के आयोजकों से साफ कह दिया है कि वे खाना तभी बना पाएंगे, जब ग्राहक खुद गैस का इंतजाम करके लाएगा.

होटल बंद होने की कगार पर, सप्लाई ठप

होटल प्रबंधन का कहना है कि वे पिछले कई दिनों से हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल जैसी कंपनियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर तरफ से 'स्टॉक नहीं है' का जवाब मिल रहा है. होटल संचालकों का दर्द है कि उनके पास महज एक-दो दिन का ही स्टॉक बचा है. अगर जल्द ही सप्लाई बहाल नहीं हुई, तो उन्हें अपने शटर गिराने पड़ेंगे.

क्यों खड़ा हुआ यह संकट?

जानकारों की मानें तो वैश्विक स्तर पर जारी युद्ध की वजह से गैस की कीमतों और उपलब्धता पर बुरा असर पड़ा है. बड़े शहरों में होटल और रेस्टोरेंट पहले ही बंद होने की कगार पर पहुंच चुके थे, लेकिन अंबिकापुर के इस 'वायरल बोर्ड' ने जमीनी हकीकत को और भी ज्यादा स्पष्ट कर दिया है. अब देखना यह होगा कि प्रशासन और तेल कंपनियां इस संकट से निपटने के लिए क्या कदम उठाती हैं, वरना शादियों के इस सीजन में बिना 'गैस' के दावतों का मजा फीका पड़ना तय है.

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं की बल्ले-बल्ले! विष्णु देव साय सरकार ने माफ किया 757 करोड़ का बकाया, जानें कैसे उठाएं फायदा

    follow google news