CGBSE Results: इंतजार खत्म! सीएम साय ने जारी किया 10वीं-12वीं का रिजल्ट, 10वीं में तीनों बने जॉइंट टॉपर, देखें पूरी लिस्ट

छत्तीसगढ़ बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के नतीजे जारी कर दिए हैं, जिसमें 10वीं में तीन छात्रों ने 99% अंकों के साथ संयुक्त रूप से टॉप किया है. पेपर लीक की चुनौतियों के बावजूद समय पर जारी इन परिणामों में एक बार फिर लड़कों के मुकाबले लड़कियों की बड़ी भागीदारी और दबदबा देखने को मिली.

छत्तीसगढ़ न्यूज
छत्तीसगढ़ न्यूज

न्यूज तक डेस्क

follow google news

छत्तीसगढ़ के 10वीं और 12वीं के बच्चों का इंतजार आज खत्म हो गया. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की मौजूदगी में बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे घोषित कर दिए हैं. इस खास मौके पर रिजल्ट के साथ-साथ उन होनहारों की लिस्ट भी जारी की गई जिन्होंने अपनी मेहनत से प्रदेश का नाम रोशन किया है. 

Read more!

10वीं में छिड़ी कांटे की टक्कर

इस साल हाई स्कूल (10वीं) के नतीजों में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला. टॉपर्स की लिस्ट ने सबको चौंका दिया है क्योंकि पहले स्थान पर एक या दो नहीं बल्कि तीन छात्रों ने अपना नाम दर्ज कराया है. संध्या नायक, परीरानी प्रधान और अंशुल शर्मा ने 99.00% अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. इन तीनों होनहारों की कामयाबी ने यह साबित कर दिया कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता.

पेपर लीक के साये के बाद भी शानदार प्रदर्शन

बता दें कि इस बार बोर्ड परीक्षाओं का सफर थोड़ा चुनौतीपूर्ण रहा. परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चली थीं. बोर्ड की योजना तो 15 अप्रैल तक रिजल्ट देने की थी लेकिन बीच में 12वीं हिंदी के पेपर लीक होने की खबर ने हड़कंप मचा दिया था. इस वजह से 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा करानी पड़ी जिससे रिजल्ट की तारीखों में थोड़ा बदलाव हुआ. हालांकि, विभाग की मुस्तैदी की वजह से देरी को ज्यादा बढ़ने नहीं दिया गया.

बेटियों ने फिर दिखाया दमखम

इस साल छत्तीसगढ़ बोर्ड की परीक्षाओं में आंकड़ों की जुबानी बेटियों का दबदबा साफ नजर आया है. जहां लड़कियों की भागीदारी लड़कों के मुकाबले काफी अधिक रही. हाई स्कूल (10वीं) की परीक्षा में कुल 3,20,535 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 1,42,881 बालकों के मुकाबले 1,77,654 बालिकाओं ने परीक्षा दी. जिसके लिए प्रदेशभर में 2,510 केंद्र बनाए गए थे. 

10वीं की परीक्षा में जहां 1.77 लाख से अधिक लड़कियां बैठीं. वहीं 12वीं में भी 1.42 लाख छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. प्रदेशभर के हजारों केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच इन परीक्षाओं को संपन्न कराया गया था.

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

नतीजे जारी करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सफल छात्रों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि जो छात्र इस बार उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है; यह जीवन की एक छोटी सी सीढ़ी है, सफलता के अभी कई और दरवाजे खुलना बाकी हैं.

ये भी पढ़ें: 'दुर्ग में ट्रांसफॉर्मर को भी लग रही लू'...बचाने के लिए लगाए कूलर, वायरल तस्वीर पर आ रहे अजब-गजब रिएक्शन

    follow google news