छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार (27 सितंबर) को कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड स्थित ग्राम लामकन्हार के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी सुनी. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की तारीफ किए जाने पर मुख्यमंत्री ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की और इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनगा (मोरिंगा) पोषण का एक बेहतरीन स्रोत है. इसके पत्ते, फल और फूल में आयरन समेत कई आवश्यक पोषक तत्व पाए जाते हैं. उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से अपने-अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने और इसके स्वास्थ्यवर्धक लाभों के प्रति दूसरों को जागरूक करने की अपील की.
नक्सलवाद से मुक्ति की ओर कदम, बस्तर में फैल रहा विकास का उजाला
कार्यक्रम के दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर और कांकेर का यह क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलवाद की छाया में रहा है, लेकिन केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से अब यह इलाका नक्सलवाद से मुक्त होकर शांति और समृद्धि के नए रास्ते पर आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में कभी डर और असुरक्षा का माहौल था, वहां अब शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है. सरकार का संकल्प है कि विकास की किरण अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.
लामकन्हार को 85 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने लामकन्हार गांव में शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के लिए कुल 85 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की-
सामुदायिक भवन: शीतला मंदिर के पास निर्माण हेतु ₹15 लाख.
स्कूल भवन: प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन निर्माण हेतु ₹37 लाख.
सड़क निर्माण: छोटे पारा में सीसी रोड निर्माण हेतु ₹18 लाख.
पुस्तकालय व लैब: एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में लाइब्रेरी और प्रयोगशाला हेतु ₹15 लाख.
'एक पेड़ मां के नाम' के तहत रोपा अमरूद का पौधा
'मन की बात' सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत अमरूद का पौधा लगाया. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सरकार के साथ-साथ समाज के हर नागरिक की साझी जिम्मेदारी है.
इस अवसर पर स्थानीय सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT


