वैश्विक निवेश मानचित्र पर निखरेगा छत्तीसगढ़: SING फोरम 2026 में हिस्सा लेने सिंगापुर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

न्यूज तक डेस्क

• 03:44 PM • 04 Oct 2026

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सिंगापुर पहुंचे हैं. विदेश मंत्रालय द्वारा नामित छत्तीसगढ़ 'SING फोरम 2026' में अपनी औद्योगिक नीतियों और निवेश संभावनाओं को प्रस्तुत करेगा.

NewsTak
फाइल फोटो : सीएम विष्णु देव साय के सोशल मीडिया X से.
Google CTA

रायपुर. छत्तीसगढ़ को देश और दुनिया के प्रमुख निवेश गंतव्यों (Investment Destinations) में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सिंगापुर पहुंचे हैं. सिंगापुर आगमन पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री साय का आत्मीय स्वागत किया.

Read more!

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा 'प्रथम SING फोरम 2026' के लिए छत्तीसगढ़ को विशेष रूप से नामित किया गया है. सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राज्य के विकास मॉडल, प्राकृतिक संसाधनों और औद्योगिक अवसरों को वैश्विक निवेशकों के समक्ष मजबूती से पेश करेंगे.

CEO राउंडटेबल में प्रमुख निवेशकों से होगी सीधी वार्ता 

सिंगापुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय SING फोरम 2026 के अंतर्गत आयोजित 'CEO राउंडटेबल' में हिस्सा लेंगे. इस उच्चस्तरीय बैठक में वे सिंगापुर और अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों व निवेशकों के साथ आमने-सामने चर्चा करेंगे. इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश के अनुकूल माहौल, नए सेक्टर्स और राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं पर विस्तार से बात की जाएगी.

"छत्तीसगढ़ को ग्लोबल इन्वेस्टमेंट हब बनाना प्राथमिकता"- सीएम साय 

सिंगापुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेश के एक मजबूत केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है.

उन्होंने कहा- 

"राज्य की नई औद्योगिक नीति, समृद्ध प्राकृतिक संसाधन, आधुनिक अधोसंरचना (Infrastucture), कुशल कार्यबल और नए उभरते क्षेत्रों के दम पर छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में शामिल होने के लिए तैयार है. वैश्विक निवेशकों के सामने राज्य की क्षमताओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना हमारी प्राथमिकता है."

SING फोरम 2026 और छत्तीसगढ़ के लिए इसके मायने

विदेश मंत्रालय का भरोसा: केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ का नाम इस वैश्विक मंच के लिए प्रस्तावित किया जाना राज्य की बढ़ती औद्योगिक साख को दर्शाता है.

वैश्विक पहचान: सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के इस मंच से छत्तीसगढ़ की विकास संभावनाओं को दुनिया भर के बड़े बिजनेसमैन और फंड्स के सामने प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा.

रोजगार व विकास को रफ्तार: अंतरराष्ट्रीय निवेश आने से प्रदेश में उच्च तकनीक वाले उद्योगों की स्थापना होगी, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे.

मुख्यमंत्री की इस बहुप्रतीक्षित सिंगापुर यात्रा से राज्य में विदेशी निवेश (FDI) के नए रास्ते खुलने और औद्योगिक विकास को एक नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.