छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुकमा जिले के बाढ़ एवं जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न राहत शिविरों में पहुंचकर प्रभावित लोगों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री साय ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से जिले में बाढ़ की वर्तमान स्थिति, अब तक चलाए गए राहत एवं बचाव कार्यों और प्रभावित परिवारों को दी जा रही खाद्यान्न तथा अन्य सहायताओं की विस्तृत समीक्षा की.
"राहत कार्यों में न हो कोई कमी, सरकार मजबूती से खड़ी है"
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, आवश्यक दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं का पुख्ता इंतजाम रहे. राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है.
ADVERTISEMENT


