छ्त्तीसगढ़ में दीपावली की रात एक हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए खामोश कर दिया. जिस घर में रोशनी और मिठाइयों की रौनक होनी चाहिए थी, वहां अब सिर्फ चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा हुआ है. रायपुर से अपने घर लौट रहे साहू परिवार की कार चंपारण के पास महानदी में जा समाई. इस भीषण दुर्घटना में पति-पत्नी और उनके दोनों जवान बच्चों की जान चली गई.
ADVERTISEMENT
यह दर्दनाक हादसा रायपुर-चंपारण मार्ग पर टीला एनीकट के पास हुआ. साहू परिवार दीपावली का त्योहार मनाने के लिए रायपुर से अपने पैतृक गांव पसौद लौट रहा था. सफर लंबा था और घर पर अपनों से मिलने की खुशी हर किसी के चेहरे पर थी. लेकिन किसी को क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा. देर रात अचानक कार अनियंत्रित हो गई और बेकाबू होकर सीधे महानदी के गहरे पानी में जा गिरी. हादसा इतना अचानक और भयानक था कि कार में सवार किसी भी शख्स को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 साल के बेटे विकास साहू और 21 साल की बेटी पूर्वा साहू के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, शीतल साहू पेशे से पत्रकार थे और उनकी कार पर 'मीडिया एग्जीक्यूटिव' लिखा हुआ था. एक ही परिवार के चार सदस्यों की एक साथ इस तरह मौत होने की खबर ने पसौद गांव और पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है. गांव में चारों तरफ मातम छाया हुआ है.
पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की भनक लगते ही गोबरा नवापारा के अंतर्गत आने वाली चंपारण चौकी पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद कार को पानी से बाहर निकाला. कार के अंदर से चारों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि आखिर वह कौन सी वजह थी, जिससे चलती हुई कार अचानक अनियंत्रित होकर नदी में जा समाई.
दीपावली का पावन पर्व, जो अपनों के साथ मिलकर खुशियां बांटने का दिन होता है, इस परिवार के लिए जिंदगी का आखिरी दिन बन गया. इस दर्दनाक हादसे ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं.
ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर में जवानों के साथ मनाई दिवाली, नक्सलवाद के खात्मे को बताया बड़ी उपलब्धि
ADVERTISEMENT


