वोटिंग के बीच नक्सल हमलों से दहला बस्तर: आईईडी विस्फोट और धमकी बनी चुनौती; मुठभेड़ में 6 नक्सली ढेर

ChhattisgarhTak

07 Nov 2023 (अपडेटेड: Nov 7 2023 11:54 AM)

Chhattisgarh Elections 2023- छत्तीसगढ़ में मंगलवार को पहले चरण के मतदान में नक्सल गतिविधियों का असर साफ देखने के लिए मिला. आईईडी विस्फोट और सुरक्षाकर्मियों…

NewsTak
Google CTA

Chhattisgarh Elections 2023- छत्तीसगढ़ में मंगलवार को पहले चरण के मतदान में नक्सल गतिविधियों का असर साफ देखने के लिए मिला. आईईडी विस्फोट और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीन अलग-अलग मुठभेड़ों के कारण मतदान प्रभावित हुआ. वहीं सुकमा मुठभेड़ में 5–6 नक्सली मारे गए जबकि कोबरा के 2 जवान घायल हो गए. वहीं नक्सलियों ने अंतागढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी रूपसिंह पोटाई और निर्दलीय प्रत्याशी मंतुराम पवार को धमकी दी है. उन्होंने दोनों उम्मीदवारों के खिलाफ पर्चा फेंककर जन अदालत में सजा देने का ऐलान किया है. बता दें कि 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरण के चुनाव के पहले चरण में मंगलवार को 20 निर्वाचन क्षेत्रों में वोटिंग हुई.

Read more!

सुकमा पुलिस के अनुसार, दोपहर 2:20 बजे चिंतागुफा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिनपा की ओर सुरक्षित मतदान संपन्न कराने निकली कोबरा 206 वाहिनी और एसटीएफ के बल के ऊपर नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग की. यह वारदात मिनपा और दुलेढ के बीच हुई.

पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों के की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई. लगभग 30 मिनट चली मुठभेड़ में 5 से 6 नक्सली मारे गए और कई नक्सली घायल हुए.  पुलिस के मुताबिक, सुरक्षाबलों को अपने ऊपर भारी पड़ता देख नक्सली जंगल पहाड़ियों की तरफ भाग खड़े हुए. हमले में कोबरा 206 वाहिनी के 2 जवान भी घायल हुए जिनकी स्थिति अभी खतरे से बाहर है.

 

अंतागढ़ में किसान को लगी गोली

अंतागढ़ के बांदे में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में किसान को गोली लगी है. किसान को बांदे अस्पताल लाया गया है.  पुलिस ने कहा कि सुकमा जिले के बांदा मतदान केंद्र के पास नक्सलियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हल्की गोलीबारी भी हुई.

 

नारायणपुर में भी मुठभेड़

नारायणपुर जिले के ओरछा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच एक और मुठभेड़ हुई. पुलिस ने कहा कि इस घटना में सुरक्षाकर्मियों को कोई नुकसान नहीं हुआ है.

 

अंतागढ़ में प्रत्याशियों को नक्सली धमकी

मतदान के बीच अंतागढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी रूपसिंह पोटाई और निर्दलीय प्रत्याशी मंतुराम पवार को नक्सलियों ने धमकी दी है. नक्सलियों ने पर्चा फेंककर जन अदालत में सजा देने का ऐलान किया है.

 

सोमवार को भी हुई वारदात

सोमवार को अंतागढ़ निर्वाचन क्षेत्र के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में दो मतदान कर्मी और एक बीएसएफ जवान घायल हो गए. सुरक्षा कर्मियों के साथ मतदान दल अपने मतदान केंद्रों की ओर जा रहे थे, तब नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) में विस्फोट हो गया.

(सुकमा से धर्मेंद्र सिंह, कांकेर से गौरव श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

इसे भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ चुनाव: नक्सल ब्लास्ट के साए में पहले फेज की वोटिंग; रमन-बैज और अकबर की किस्मत दांव पर