छत्तीसगढ़ में पहले चरण के चुनाव के दौरान आठ नक्सली मुठभेड़, आईईडी विस्फोट; एक सुरक्षाकर्मी शहीद, पांच घायल

ChhattisgarhTak

• 07:59 AM • 08 Nov 2023

Naxalite Encounters during the first phase of Elections in Chhattisgarh- छत्तीसगढ़ में मंगलवार को हुए विधानसभा चुनाव के पहले चरण में नक्सलियों ने जमकर उत्पात…

NewsTak
Google CTA

Naxalite Encounters during the first phase of Elections in Chhattisgarh- छत्तीसगढ़ में मंगलवार को हुए विधानसभा चुनाव के पहले चरण में नक्सलियों ने जमकर उत्पात मचाया. आईईडी विस्फोट और सुरक्षा बलों के साथ आठ मुठभेड़ों की वजह से मतदान बेहद प्रभावित हुआ.

Read more!

सुकमा जिले में एक मुठभेड़ में चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए, जबकि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक विशिष्ट इकाई कोबरा का एक कमांडो आईईडी विस्फोट में घायल हो गया.

सोमवार को चुनाव ड्यूटी के दौरान कांकेर जिले में आईईडी विस्फोट में घायल सीमा सुरक्षा बल के एक जवान ने मंगलवार को रायपुर के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया.

यहां एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुकमा जिले में मंगलवार को बांदा, मिनपा और लकहपाल इलाकों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई. उन्होंने कहा, मिनपा मुठभेड़ में चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए.

अधिकारी ने बताया कि कांकेर जिले में छोटे पखांजूर और छोटेबेठिया इलाकों में मुठभेड़ हुईं.

उन्होंने कहा कि बीएसएफ और राज्य पुलिस के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की संयुक्त टीम और नक्सलियों के बीच झड़प के बाद एक एके-47 राइफल बरामद की गई. इस मुठभेड़ में भी कई नक्सलियों के मारे और घायल होने की खबर है.

 

बीजापुर मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए, ड्रोन वीडियो आया सामने

बीजापुर जिले में पदेड़ा गांव के पास सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई. उन्होंने कहा, पदेड़ा मुठभेड़ में संभवतः कम से कम तीन नक्सली मारे गए क्योंकि घटनास्थल के ड्रोन वीडियो में नक्सली शवों को ले जाते हुए भागते दिख रहे हैं।

 

नारायणपुर में भी गोलीबारी

नारायणपुर जिले के गुडाडी गांव के पास और दंतेवाड़ा जिले के मंगनार गांव के पास भी नक्सलियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच थोड़ी गोलीबारी हुई, जिसमें सुरक्षाकर्मियों को कोई नुकसान नहीं हुआ.

 

कांकेर: बीएसएफ जवान ने तोड़ा दम, दो मतदानकर्मी घायल

सोमवार को कांकेर जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में दो मतदानकर्मी और एक बीएसएफ जवान घायल हो गए, जब सुरक्षाकर्मियों के साथ मतदान दल मतदान केंद्रों की ओर जा रहे थे, तभी नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया. अधिकारी ने बताया कि घायल बीएसएफ हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद्र सेवल (36) की मंगलवार को रायपुर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई.

 

71.48 प्रतिशत मतदान दर्ज

90 सदस्यीय राज्य विधानसभा के लिए दो चरणों के चुनाव के पहले चरण में मंगलवार को 20 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ, जिनमें से 12 नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में स्थित हैं. अधिकारियों ने बताया कि नक्सली हिंसा और बहिष्कार के आह्वान के बीच 71.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.

(इनपुट- कांकेर से गौरव श्रीवास्तव, बीजापुर से रंजन दास, नारायणपुर से इमरान खान, दंतेवाड़ा से रौनक शिवहरे, सुकमा से धर्मेंद्र सिंह, बस्तर से धर्मेंद्र महापात्र)


इसे भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ चुनाव: नक्सली हिंसा के बीच पहले चरण में 71 फीसदी मतदान, जानें अहम बातें