छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक का एक बड़ा मामला सामने आया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए यूनिवर्सिटी एडमिनिस्ट्रेशन ने तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित परीक्षा को पूरी तरह से रद्द कर दिया है. इसके साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पांच सदस्यों की एक विशेष कमेटी बनाई गई है.
ADVERTISEMENT
मामला दो दिन पहले तब उजागर हुआ जब व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक विषय के प्रश्नपत्र के सवाल तेजी से वायरल होने लगे. जब इन सवालों का मिलान मुख्य परीक्षा के पेपर से किया गया तो वे बिल्कुल एक जैसे पाए गए. पेपर लीक की पुष्टि होते ही हड़कंप मच गया और विश्वविद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया.
पुलिस की जांच तेज, अज्ञात आरोपियों की तलाश
घटना को लेकर रायपुर के तेलीबांधा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि पेपर किस स्तर से लीक हुआ और इसे छात्रों तक कैसे पहुंचाया गया. इस मामले में शामिल मुख्य साजिशकर्ताओं तक पहुंचने के लिए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिए सख्त निर्देश
अपने दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मुद्दे पर बयान दिया. उन्होंने साफ कहा कि परीक्षा रद्द कर जांच कमेटी बना दी गई है. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई होगी और किसी भी लापरवाह को बख्शा नहीं जाएगा.
ADVERTISEMENT


