रायपुर में पेट्रोल पंप पर सिगरेट जलाने की कोशिश, धू-धू कर जल उठी गाड़ी, फिर स्टाफ ने जो किया उसकी होने लगी तारीफ

Chhattisgarh News: रायपुर के एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाते समय युवक द्वारा सिगरेट जलाने की कोशिश से गाड़ी में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई. पंप कर्मचारियों की सतर्कता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

छत्तीसगढ़ का वीडियो वायरल
छत्तीसगढ़ का वीडियो वायरल

सुमी राजाप्पन

follow google news

Raipur Viral Video: सोशल मीडिया पर रायपुर का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक पेट्रोल पंप नजर आ रहा है जहां एक युवक की लापरवाही देखी जा सकती है. ऐसी लापरवाही जिसने कुछ ही सेकंड में बड़ा हादसा खड़ा कर दिया. गनीमत रही कि पंप कर्मचारियों की सूझबूझ से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया वरना बड़ा नुकसान हो सकता था. 

Read more!

वीडियो के वायरल होने के बाद प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दो युवक अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचे थे. इसी दौरान जब गाड़ी में पेट्रोल भरा जा रहा था उसी वक्त उनमें से एक युवक ने सिगरेट जलाने की कोशिश की. पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील जगह पर यह हरकत बेहद खतरनाक साबित हो सकती थी. हालांकि साथ मौजूद उसके दोस्त ने तुरंत उसे रोकने की कोशिश की और दोनों के बीच बहस भी हो गई.

गाड़ी में लग गई आग 

बताया जा रहा है कि इसी अफरा-तफरी के बीच अचानक गाड़ी में आग लग गई. कुछ ही पलों में वाहन से धुआं और लपटें उठने लगीं. पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. वहां खड़े अन्य वाहन चालक भी घबरा गए और अपने-अपने वाहन हटाने लगे. 

हालांकि, पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत समझ लिया, बिना समय गंवाए उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर उठाए और आग बुझाने में जुट गए. उनकी सतर्कता और तेजी के चलते आग को फैलने से पहले ही काबू में कर लिया गया. अगर कुछ मिनट की भी देरी होती तो आग पास में खड़े अन्य वाहनों और ईंधन टैंक तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा विस्फोट भी हो सकता था.

सोशल मीडिया पर लोग दे रहें प्रतिक्रिया 

इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसे लापरवाही की मिसाल बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि पेट्रोल पंप पर सिगरेट या किसी भी तरह की आग जलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है और यह जानलेवा साबित हो सकता है. फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना में बदल सकती है.

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में फिर गूंजा एक्शन! 2000 जवानों के साथ शुरू हुआ ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट-2

    follow google news