बीमारी ठीक करने का झांसा, शादी में मदद का वादा.. भिलाई में धर्म बदलवाने के आरोप में 2 महिलाएं गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई में धर्म परिवर्तन के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. शिकायत के अनुसार वे बीमारी ठीक करने और आर्थिक मदद का लालच देकर एक परिवार पर धर्म बदलने का दबाव बना रही थीं.

छत्तीसगढ़ से आया धर्मांतरण का मामला
छत्तीसगढ़ से आया धर्मांतरण का मामला

रघुनंदन पंडा

follow google news

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से धर्म परिवर्तन के दबाव का एक मामला सामने आया है. पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोप है कि दोनों महिलाएं घर-घर जाकर लोगों को बीमारी ठीक करने और आर्थिक मदद का लालच देकर धर्म बदलने के लिए दबाव बना रही थीं.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

घटना पुरानी भिलाई इलाके की है. पदुमनगर चरोदा, वार्ड नंबर 19 की रहने वाली 36 साल की रूखमणी पाण्डेय ने 1 फरवरी 2026 को थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि वह घरेलू काम और खाना बनाने का काम करती हैं.

शिकायत के अनुसार, 25 जनवरी को दो अज्ञात महिलाएं उनके घर आईं और ईसाई धर्म अपनाने पर बीमारी ठीक होने के साथ आर्थिक सहायता मिलने की बात कहने लगीं. रूखमणी ने जब सहमति नहीं दी तो दोनों महिलाएं वहां से चली गईं.

दोबारा पहुंचकर दिया प्रलोभन

आरोप है कि 1 फरवरी को वही महिलाएं फिर से उनके घर पहुंचीं. इस बार उन्होंने बाइबिल पढ़ने, ईसाई धर्म अपनाने और बेटी की शादी में मदद करने का लालच दिया. परिवार ने इसका विरोध किया, जिसके बाद रूखमणी पाण्डेय ने तुरंत पुलिस में शिकायत कर दी.

पुलिस ने किया मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 71/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 04 के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की.

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी महिलाओं की पहचान 42 साल की सारिका डाडिंगे और 33 साल की  प्रियंका साईमन के रूप में हुई है. सारिका खुर्सीपार भिलाई की रहने वाली है जबकि कुम्हारी की रहने वाली है. दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

पुलिस ने क्या बताया 

इस पूरे मामले पर एएसपी और दुर्ग पुलिस के प्रवक्ता मणि शंकर चन्द्रा ने बताया कि एक महिला ने थाने में आकर शिकायत की थी कि उसे प्रलोभन दिया जा रहा है और एक विशेष धर्म से जुड़ने के लिए डराया-धमकाया जा रहा है. शिकायत के बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह के लालच, दबाव या बहकावे में न आएं. अगर इस तरह की कोई गतिविधि नजर आए तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें. कानून के खिलाफ काम करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: इंस्टाग्राम-यूट्यूब पर लाखों फैंस, लेकिन असल में करता था गांजे की तस्करी, छत्तीसगढ़ का ये इंफ्लूएंसर गिरफ्तार

    follow google news