वर्ल्ड लीडर्स फोरम में छत्तीसगढ़ का रोडमैप: CM विष्णु देव साय बोले– ‘जॉब सीकर’ नहीं, ‘जॉब क्रिएटर’ बन रहे प्रदेश के युवा

न्यूज तक डेस्क

• 07:41 PM • 22 Aug 2026

वर्ल्ड लीडर्स फोरम में CM विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की युवा-केंद्रित अर्थव्यवस्था का रोडमैप रखा. 8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव और 2030 तक 5 हजार स्टार्टअप का लक्ष्य.

NewsTak
तस्वीर: सीएम विष्णु देव साय के सोशल मीडिया X से.
Google CTA

नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय 'वर्ल्ड लीडर्स फोरम' में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वैश्विक आर्थिक जगत की प्रमुख हस्तियों के समक्ष छत्तीसगढ़ की तेजी से बदलती आर्थिक तस्वीर और भविष्य का विकास रोडमैप प्रस्तुत किया. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ अब केवल खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ग्रीन एनर्जी, सेमीकंडक्टर और स्टार्टअप्स के दम पर एक नई युवा-केंद्रित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है. 

Read more!

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मूल ध्येय युवाओं को नौकरी तलाशने वाले (जॉब सीकर) के बजाय रोजगार पैदा करने वाला (जॉब क्रिएटर) बनाना है. फोरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन सहित कई वैश्विक दिग्गज मौजूद रहे. 

6.31 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था और ऐतिहासिक निवेश

तेज आर्थिक विकास: वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आकार ₹6.31 लाख करोड़ तक पहुंच गया है, जिसकी विकास दर 11.57% दर्ज की गई. प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर ₹1,79,244 हो गई है.

₹8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव: 'नई औद्योगिक नीति 2024-30' और 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस-2026' के लागू होने के बाद राज्य को ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं.

बजट 2026-27: ₹1.72 लाख करोड़ का बजट इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल कनेक्टिविटी और जनकल्याण पर केंद्रित है.

वर्ष 2030 तक 5 हजार स्टार्टअप और AI का बड़ा नेटवर्क

युवाओं को तकनीक और नवाचार से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर योजनाएं तैयार की हैं

स्टार्टअप इकोसिस्टम: वर्ष 2030 तक प्रदेश में 5,000 स्टार्टअप स्थापित करने का लक्ष्य है, जिसके लिए नए उद्यमियों को ₹10 लाख तक की सीड फंड सहायता दी जा रही है.

₹500 करोड़ का AI मिशन: राज्य में 6 लाख छात्रों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण दिया जाएगा.

AI डेटा सेंटर पार्क: नवा रायपुर में ₹1,000 करोड़ की लागत से AI डेटा सेंटर पार्क और 100 AI डेटा लैब स्थापित की जा रही हैं.

बस्तर बनेगा नई अर्थव्यवस्था का केंद्र, ग्रीन एनर्जी पर फोकस 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में सुरक्षा स्थिति में सुधार के साथ ही पर्यटन, निवेश और आजीविका के नए रास्ते खुले हैं. बंद पड़े 421 स्कूलों को फिर शुरू किया गया है और ₹3,513 करोड़ की जगदलपुर-रावघाट रेल परियोजना पर काम तेजी से जारी है.

इसके साथ ही, राज्य में 4,000 मेगावाट अतिरिक्त सौर ऊर्जा क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है. राजनांदगांव में फार्मा पार्क और स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के जरिए छत्तीसगढ़ अब कच्चे माल के उत्पादक से आगे बढ़कर वैल्यू एडिशन और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग का हब बनने की ओर अग्रसर है.