मणिपुर से छत्तीसगढ़ की तुलना पर भड़के बघेल, मोदी-शाह को घेरा, कहा- ऐसे नहीं चलता देश

ChhattisgarhTak

20 Jul 2023 (अपडेटेड: Jul 20 2023 11:18 AM)

मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर कांग्रेस मोदी सरकार पर हमलावर है. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और…

NewsTak
Google CTA

मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर कांग्रेस मोदी सरकार पर हमलावर है. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर हमला बोला है. विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बातचीत के दौरान बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री सिर्फ चुनावी राजनीति से देश चलाना चाहते हैं, लेकिन देश ऐसे नहीं चलता. उन्होंने मणिपुर से छत्तीसगढ़ की तुलना किए जाने पर भी पीएम मोदी को आड़े हाथों लिया.

Read more!

बघेल ने कहा कि तीन महीने से मणिपुर जल रहा है लेकिन पीएम मोदी तीन महीने में मणिपुर को लेकर कुछ भी नहीं बोले. आज पहली बार मीडिया के सामने आए और 36 सेकंड बात की. इस दौरान भी उन्होंने मणिपुर के बारे में कुछ नहीं बोला बल्कि छतीसगढ़ और राजस्थान को लपेट लिया. छतीसगढ़ और राजस्थान में चुनाव है इसलिए दोनों प्रदेशों की तुलना की.

बता दें कि संसद सत्र से पीएम मोदी ने मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर कहा कि वह इस घटना से बहुत दुखी हैं और इस मामले में दोषियों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा. इसी के साथ पीएम ने मणिपुर से पहले राजस्थान और छत्तीसगढ़ का भी नाम लिया और कहा कि वह सभी मुख्यमंत्रियों से अपील करते हैं कि अपने-अपने राज्यों में कानून व्यवस्था मजबूत करें. घटना चाहे राजस्थान की हो, छत्तीसगढ़ की हो या मणिपुर की हो, कानून व्यवस्था कायम करें, जहां पर नारी का सम्मान किया जाए.

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “छतीसगढ़ में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है. प्रधानमंत्री को विदेश घूमने और चुनाव से फ़ुरसत नहीं है. पीएम जैसे पद पर बैठे व्यक्ति के द्वारा मनगढ़ंत आरोप लगाया जा रहा है. छत्तीसगढ़ को मणिपुर के साथ जोड़ा गया लेकिन दोनों प्रदेश की मणिपुर से कोई तुलना नहीं है. मणिपुर की घटना से पूरा देश चिंतित है.”

उन्होंने कहा कि मणिपुर की घटना मानवता की आत्मा को झकझोर देने वाली घटना है. देश के प्रधान के रूप में जब ऐसी घटना पर एक मजबूत स्टैंड लेना चाहिए तब भी प्रधानमंत्री जी को चुनाव प्रचार दिखाई दे रहा है. यह बहुत दुर्भाग्यजनक है. छत्तीसगढ़ को बदनाम करने का कुत्सित प्रयास छत्तीसगढ़ की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी.