अमृत भारत स्टेशन योजना पर सीएम बघेल का निशाना, कहा- कहीं रेलवे स्टेशन को निजी हाथों में न सौप दे मोदी सरकार

रघुनंदन पंडा

07 Aug 2023 (अपडेटेड: Aug 7 2023 5:57 AM)

Amrit Bharat Station Scheme- अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना की शुरुआत होते ही छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) की सियासत गरमा गई है. भाजपा जहां इस योजना का…

NewsTak
Google CTA

Amrit Bharat Station Scheme- अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना की शुरुआत होते ही छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) की सियासत गरमा गई है. भाजपा जहां इस योजना का स्वागत कर रही है, वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने इस योजना को लेकर आशंका जताई है. सीएम बघेल ने रविवार को कहा कि उन्हें डर है कि मोदी सरकार जिस तरह एयरपोर्ट को आधुनिकीकरण के नाम पर नीलाम कर रही है, कहीं उसी तरह रेलवे स्टेशन को भी निजी हाथों में न सौप दें.

Read more!

दुर्ग जिले के मीनाक्षी नगर में मीडिया से रूबरू होते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर प्रहार करते हुए सीएम बघेल ने कहा कि इसमें इस बात की आशंका है कि जिस प्रकार एयरपोर्ट को पहले चमकाया जाता था. 2 हजार करोड़ या 4 हजार करोड़ रुपए का इन्वेस्ट करते थे. उसके बाद उसे नीलाम कर दिया जाता था. यह भी उसी तरह हो रहा है. जो देश भर के बड़े-बड़े रेलवे स्टेशन हैं, उन्हें मॉडिफाई कर निजी हाथों में सौंपने की तैयारी है.

विपक्ष के पुराने ढर्रे पर चलने के प्रधानमंत्री मोदी के बयान पर उन्होंने कहा कि यदि देश की संपत्ति को बेचोगे तो नया पुराना क्या है. सभी स्तरों पर विरोध होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि वे देश की सारी संपत्ति को बेच रहे हैं, अभी बस्तर का नगरनार स्टील प्लांट शुरू भी नहीं हुआ है और बेचने की तैयारी है. ऐसे में विरोध होना चाहिए. यह गलत कहां है?

‘ट्रेंनें चल रही हैं लेट’

बघेल ने कहा कि ट्रेनों के लेट से चलने और कैंसिल होने पर पीएम नरेंद्र मोदी को पहले भी खत लिख चुके हैं. लगातार ट्रेनें लेट से चल रही हैं. बहुत सारी ट्रेनें निरस्त हो रही हैं. यह बहुत ही दुखद है क्योंकि छत्तीसगढ़ में विरल बसाहट है. आवागमन का सबसे सुलभ और सस्ता साधन रेल है. ऐसे में विलंब से पहुंचना या कैंसिल हो जाना यह बहुत ही दुर्भाग्य की बात है.

‘झूठ परोस कर गए थे पीएम मोदी’

पीएम मोदी (PM Modi) के 17 अगस्त को छत्तीसगढ़ आने के सवाल पर सीएम बघेल ने कहा, “वह पहले भी झूठ परोस कर गए थे कि भारत सरकार धान खरीदती है. पता नहीं फिर क्या बोलेंगे.चाहे लोकसभा हो या राज्यसभा केंद्र सरकार से निष्पक्षता की उम्मीद करते हैं, लेकिन हम इस सरकार से उम्मीद नहीं करते हैं. जिस तत्परता के साथ राहुल गांधी की सदस्यता खत्म की गई. उनके बंगले को खाली कराया गया. अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले आने के बाद भी उसमें कोई प्रगति नहीं दिखाई दे रही है. इसका मतलब यह है कि केंद्र सरकार राहुल गांधी से डरी हुई है.”

इन स्टेशनों का होगा पुनर्विकास

प्रधानमंत्री मोदी ने  6 अगस्त को देश के 508 रेलवे स्टेशन (Railway station) के पुनर्विकास की आधारशिला रखी. इसके तहत इन स्टेशनों को वर्ल्ड लेवल की सुविधा देने के लक्ष्य के साथ काम किया जाएगा. इसे ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ का नाम दिया गया है. इस योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के 7 स्टेशनों का चयन हुआ है. इसमें बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग के साथ साथ अकलतरा, भिलाई पावर हाउस, तिल्दा-नेवरा को शामिल किया गया है.

यह भी पढ़ें- बदहाली की भेंट चढ़ा बिलासपुर एयरपोर्ट; कैसे उड़े देश का आम नागरिक?