सिगरेट पर कहासुनी, लड़की पर अभद्र कमेंट और खूनी अंजाम... 26 साल की छात्र की चाकू मारकर हत्या

रघुनंदन पंडा

• 04:38 PM • 08 Oct 2026

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में सिगरेट मांगने और महिला मित्र पर अभद्र टिप्पणी के विवाद में 26 वर्षीय छात्र चित्रेश सहारे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए SIT का गठन किया और 1 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

छत्तीसगढ़ से आया हैरान करने वाला मामला
छत्तीसगढ़ से आया हैरान करने वाला मामला
Google CTA

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक छोटी सी बहस ने एक होनहार युवक की जान ले ली. मोहन नगर थाना क्षेत्र के हरिनगर में सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि 26 वर्षीय चित्रेश सहारे की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. घटना के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर महज एक घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को धर दबोचा.

Read more!

परीक्षा देने आया था दुर्ग

मूल रूप से कवर्धा का रहने वाला चित्रेश सिविल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन पूरा कर चुका था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा था. वह भिलाई के रुंगटा कैंपस में आयोजित SBI की परीक्षा देने के लिए पिछले हफ्ते ही दुर्ग आया हुआ था.

घटना वाली रात चित्रेश हरिनगर (हेरिटेज स्कूल के पीछे) स्थित अपने दोस्त रवि के पीजी (PG) रूम में ठहरा हुआ था. वहां उसकी महिला मित्र और उसकी बहन भी मौजूद थीं. इसी मकान की ऊपरी मंजिल पर राजनांदगांव के रहने वाले वैभव मानकर और राजकुमार यादव रहते थे.

मामूली कहासुनी बनी हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत आरोपियों द्वारा सिगरेट मांगने से हुई. बात थोड़ी आगे बढ़ी तो आरोपियों ने चित्रेश के साथ आई महिला मित्र को लेकर अभद्र टिप्पणियां और गाली-गलौज शुरू कर दी. अपनी दोस्त के सम्मान में चित्रेश ने जब इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई.

झगड़े के दौरान आरोपी उग्र हो गए और उन्होंने धारदार हथियार से चित्रेश पर हमला कर दिया. वार उसके पैर और जांघ पर लगे. जांघ की मुख्य नस कट जाने के कारण काफी मात्रा में खून बह गया. स्थानीय लोगों और दोस्तों ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी; डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

एक घंटे में पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी

नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) हर्षित मेहर ने बताया कि वारदात की गंभीरता को देखते हुए देर रात ही SIT गठित की गई. पुलिस ने तेजी से घेराबंदी करते हुए एक घंटे के अंदर दोनों आरोपियों- राजकुमार यादव और वैभव मानकर- को गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी मूल रूप से राजनांदगांव के निवासी हैं और दुर्ग में जोमैटो (Zomato) व रैपिडो (Rapido) में डिलीवरी बॉय का काम करते हैं. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है. पोस्टमॉर्टम के बाद चित्रेश का शव परिजनों को सौंप दिया गया है.

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़: कोरबा के मशहूर रेस्टोरेंट में बड़ी लापरवाही, टॉयलेट में धुल रहे थे बर्तन, फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट लिया ये बड़ा एक्शन