इश्क के चक्कर में ग्वालियर से रायगढ़ पहुंचा युवक, जेब खाली हुई तो बन गया शातिर बाइक चोर

नरेश शर्मा

• 03:44 PM • 29 Sep 2026

प्रेमिका से मिलने ग्वालियर से रायगढ़ पहुंचे युवक के पैसे खत्म हुए तो उसने खर्च चलाने के लिए चाबी लगी गाड़ियां चुराना शुरू कर दिया. पेट्रोल खत्म होने पर वाहन लावारिस छोड़ देने वाले इस सिरफिरे आशिक को पुलिस ने CCTV और मुखबिर की मदद से दबोचकर 5 गाड़ियां बरामद कीं.

पांच वाहन चोरी के मामलों से उठा पर्दा
पांच वाहन चोरी के मामलों से उठा पर्दा
Google CTA

दिल के मामलों में लोग अक्सर हदें पार कर जाते हैं, लेकिन ग्वालियर के एक युवक के लिए अपनी प्रेमिका से मिलने की जिद अपराध की दुनिया का टिकट बन गई. प्यार की खातिर सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर रायगढ़ पहुंचे 28 साल के निर्मल धाकड़ को शायद खुद भी अंदाजा नहीं था कि उसकी इस लव स्टोरी का अंत सीधे जेल की सलाखों के पीछे होगा.

Read more!

मामला रायगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र का है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के ग्वालियर (मोरार) का रहने वाला निर्मल धाकड़ 12 सितंबर को अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने रायगढ़ आया था. शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन कुछ ही दिनों में उसके पास जमा सारे पैसे खत्म हो गए. अब न तो उसके पास शहर में टिकने का जरिया बचा और न ही रोजमर्रा के खर्च निकालने का कोई साधन. जेब खाली होते ही उसने एक खौफनाक रास्ता चुना और शहर में गाड़ियां चुराना शुरू कर दिया.

पेट्रोल खत्म, तो गाड़ी छोड़ी और चुरा ली दूसरी

निर्मल का चोरी करने का तरीका बेहद आसान और शातिर था. वह शहर की सड़कों और पार्किंग स्थलों पर ऐसे दोपहिया वाहनों की तलाश करता था, जिनमें मालिक गलती से चाबी लगी छोड़ देते थे. मौका ताड़ते ही वह गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो जाता.

मजेदार बात यह है कि वह गाड़ियों को बेचने के बजाय खुद इस्तेमाल करता था. जब तक बाइक में पेट्रोल रहता, वह उसी से घूमता. जैसे ही ईंधन खत्म होता, वह उस गाड़ी को रास्ते में ही लावारिस छोड़ देता और अगली ऐसी बाइक की तलाश में जुट जाता जिसमें चाबी लगी हो.

CCTV कैमरों ने खोला राज

पिछले कुछ दिनों से रायगढ़ शहर में अचानक दोपहिया वाहनों के गायब होने की शिकायतें बढ़ने लगी थीं. मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने जांच की कमान संभाली. पुलिस ने जब अलग-अलग इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले, तो एक चौंकाने वाली बात सामने आई—पांच अलग-अलग चोरी की वारदातों में एक ही संदिग्ध चेहरा नजर आ रहा था.

पुलिस ने दौड़ाकर दबोचा

24 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से पक्की खबर मिली कि गौशाला के पास एक युवक संदिग्ध हालत में बाइक से छेड़छाड़ कर चोरी की कोशिश कर रहा है. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों ने CCTV की तस्वीर देखकर आरोपी की पहचान की पुष्टि कर दी.

इसके बाद जब पुलिस टीम ने वायरलेस सेट के पास पुलिस कॉलोनी इलाके में उसकी घेराबंदी की, तो आरोपी पुलिस को देखते ही भागने लगा. हालांकि, मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने काफी दूर तक पीछा करने के बाद उसे खदेड़कर धर दबोचा.

2.5 लाख की गाड़ियां बरामद, पहुंचा जेल

कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम निर्मल धाकड़ बताया और अपना सारा गुनाह कबूल कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 4 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी बरामद की है, जिनकी कुल कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये आंकी गई है.

इस गिरफ्तारी के साथ ही कोतवाली थाने में दर्ज वाहन चोरी के 5 अलग-अलग मामलों (अपराध क्रमांक 527/2026, 532/2026, 535/2026, 538/2026 और 540/2026) की गुत्थी सुलझ गई है. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.

ये भी पढ़ें: बाढ़ प्रभावित सुकमा पहुंचे CM विष्णुदेव साय: राहत शिविरों का लिया जायजा, पीड़ितों को दिया मदद का भरोसा