छत्तीसगढ़: आईएएस रानू साहू गिरफ्तार, ईडी ने कोर्ट में किया पेश, जानें पूरा मामला

छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने शनिवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आइएएस अधिकारी रानू साहू को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया…

NewsTak

ChhattisgarhTak

follow google news

छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने शनिवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आइएएस अधिकारी रानू साहू को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है. आइएएस साहू विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत की अदालत में पेश किया गया.बता दें कि ईडी पूरे राज्य में लगातार छापेमारी कर रही है.

Read more!

रानू साहू छत्तीसगढ़ की दूसरी प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं जिन्हें ईडी ने गिरफ्तार किया. इससे पहले आइएएस समीर विश्नोई गिरफ्तार हो चुके हैं और कोयला घोटाला मामले में फिलहाल रायपुर की केन्द्रीय जेल में बंद हैं. रानू साहू वर्तमान में कृषि विभाग में संचालक के पद पर पदस्थ थीं. इससे पहले रानू रायगढ़ जिले की कलेक्टर भी रह चुकी हैं.

बीते दिन ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में जांच के तहत छत्तीसगढ़ में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के कुछ अधिकारियों और एक कांग्रेस नेता के परिसरों पर छापा मारा था.

एजेंसी ने आईएएस अधिकारी रानू साहू, कुछ अन्य नौकरशाह और कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई के नेता और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े परिसरों पर तलाशी ली.

वहीं कोरबा में कोरबा नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पांडे और रायपुर में आईएएस अधिकारी रानू साहू और रामगोपाल अग्रवाल के आवास के बाहर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल के कर्मी दिखाई दिए.

सूत्रों ने बताया कि केन्द्रीय एजेंसी की ओर से धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत एक नया मामला दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है.

किस मामले में हो रही है कार्रवाई?

ईडी की छापेमारी किस मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है, यह साफ नहीं है लेकिन सूत्रों ने कहा कि यह कथित चावल घोटाले से संबंधित हो सकती है. संघीय एजेंसी राज्य में कथित कोयला लेवी और शराब घोटाले की भी जांच कर रही है, जिसमें उसने नेताओं और उनसे जुड़े लोगों के साथ आईएएस अधिकारियों समेत कुछ प्रमुख नौकरशाहों को गिरफ्तार भी किया है.

 

    follow google news