Raipur : नवा रायपुर में खुलेगी प्रदेश की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स यूनिट, 3,500 युवाओं को मिलेगा रोजगार

न्यूज तक डेस्क

• 12:47 PM • 17 Oct 2026

नवा रायपुर में ₹152.74 करोड़ की लागत से स्थापित होगी छत्तीसगढ़ की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स यूनिट. 3,500 युवाओं को मिलेगा रोजगार. जानें पूरी डिटेल.

CM Vishnu deo sai
तस्वीर: सीएम विष्णुदेव साय के सोशल मीडिया X से.
Google CTA

Raipur news: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार के मोर्चे पर एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में नवा रायपुर में 'यश फैन्स' (Yash Fans) की नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया गया. 152.74 करोड़ रुपए के भारी-भरकम निवेश से बनने वाली यह छत्तीसगढ़ की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकाई होगी, जिससे करीब 3,500 लोगों को प्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मिलेगा.

Read more!

क्रॉम्पटन, हैवेल्स और उषा जैसे बड़े ब्रांड्स के सामान अब छत्तीसगढ़ में बनेंगे

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य के युवाओं को उनके गृह राज्य में ही रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. नई औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत ऐसे उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है.

यशन्स फैन्स (यश फैन्स) कंपनी क्रॉम्पटन, हैवेल्स, उषा और मिल्टन जैसे देश के जाने-माने ब्रांड्स के लिए इलेक्ट्रिक पंखे और किचन अप्लायंसेज का निर्माण करती है. अब इन प्रतिष्ठित ब्रांड्स के उत्पाद 'मेड इन छत्तीसगढ़' की पहचान के साथ देश के कोने-कोने तक पहुंचेंगे.

स्थानीय संसाधनों का होगा वैल्यू एडिशन 

इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि छत्तीसगढ़ में उत्पादित होने वाले स्टील और एल्युमिनियम का इस्तेमाल अब स्थानीय स्तर पर ही फिनिश प्रोडक्ट्स बनाने में किया जाएगा. इससे राज्य के कच्चे माल का बेहतर वैल्यू एडिशन होगा और इसका सीधा आर्थिक लाभ छत्तीसगढ़ के लोगों को मिलेगा.

इसके अलावा, कल-पुर्जों की सप्लाई, पैकेजिंग, ट्रांसपोर्टेशन और अन्य सहायक सेवाओं के बढ़ने से स्थानीय उद्यमियों, छोटे व्यापारियों और वेंडर्स के लिए भी तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे.

क्या बोले कंपनी के चेयरमैन? 

यश फैन्स के चेयरमैन रितेश नरेडी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति, देश के मध्य में होना, प्रचुर मात्रा में स्टील-एल्युमिनियम की उपलब्धता और सरकार का सकारात्मक सहयोग इसे विनिर्माण (Manufacturing) के लिए सबसे आदर्श स्थान बनाता है. बता दें कि हैदराबाद स्थित यश फैन्स वर्तमान में देश के अलग-अलग हिस्सों में 12 विनिर्माण इकाइयों का संचालन कर रही है, और नवा रायपुर की यह इकाई छत्तीसगढ़ में कंपनी की पहली यूनिट होगी.

इस ऐतिहासिक भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी और छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.