राजधानी के माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. चरित्र पर शक और रोज-रोज के झगड़ों की वजह से एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. शनिवार की देर रात साहू पारा इलाके में किराए के मकान में रहने वाले एक शख्स ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया. इस खूनी खेल में तीनों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद की गर्दन और शरीर पर वार कर जान देने की कोशिश की.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा माजरा?
बालोद जिले का मूल निवासी भुनेश्वर साहू (34) पिछले डेढ़ साल से डूमरतराई के साहू पारा में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था. शनिवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गई. गुस्साए भुनेश्वर ने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू, 10 साल के बेटे आशीष और 8 साल के मासूम ज्ञान पर जानलेवा हमला बोल दिया.
चीख-पुकार और हंगामे की भनक जब देर रात करीब 1 बजे पड़ोसियों को लगी, तो उन्होंने तुरंत माना पुलिस को इत्तिला दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो मंजर देखकर रूह कांप गई. दोनों मासूम बच्चों की मौके पर ही सांसें थम चुकी थीं, जबकि महिला लहूलुहान हालत में तड़प रही थी. उसे फौरन मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
चरित्र पर शक बना तबाही की वजह
पुलिस की शुरुआती पड़ताल और आसपास के लोगों के बयानों से साफ हुआ है कि इस खौफनाक कदम के पीछे की मुख्य वजह पति का अपनी पत्नी के चरित्र पर बेबुनियाद शक था. पड़ोसियों के मुताबिक, दोनों पति-पत्नी पहले सब्जी मंडी में एक साथ काम करते थे. लेकिन दो महीने पहले भुनेश्वर ने मंडी का काम छोड़ दिया और छिटपुट मजदूरी करने लगा. इसके बाद से ही घर में आर्थिक तंगी और शक की वजह से अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी.
आरोपी अस्पताल में भर्ती, स्थिति नाजुक
वारदात को अंजाम देने के बाद भुनेश्वर ने उसी चाकू से खुद को भी लहूलुहान कर लिया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल में दाखिल कराया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने तीनों शवों को पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और क्राइम सीन को सील कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, दी समझाइश
इस दर्दनाक घटना पर सूबे के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा, "पति-पत्नी एक गाड़ी के दो पहियों की तरह होते हैं. किसी भी रिश्ते की नींव आपसी भरोसे पर टिकी होती है. अगर मन में किसी बात को लेकर शंका या मनमुटाव हो, तो उसे समझदारी और बातचीत के जरिए हल करना चाहिए, न कि हिंसा का रास्ता चुनना चाहिए."
फिलहाल पुलिस आरोपी के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि घटना की हर कड़ी को जोड़ा जा सके. लेकिन इस सनक ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अंधा शक इंसान को किस कदर हैवान बना देता है.
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़: पत्नी काले और मोटे होने का उड़ाती थी मजाक, पति तलाक मांगने पहुंच गया कोर्ट, हाई कोर्ट ने खारिज की अर्जी
ADVERTISEMENT


