टीएस सिंहदेव का छलका दर्द! कहा- डिप्टी सीएम का कोई पॉवर नहीं होता, बृजमोहन ने ली चुटकी

ChhattisgarhTak

21 Jul 2023 (अपडेटेड: Jul 21 2023 11:47 AM)

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने शुक्रवार को कहा कि डिप्टी सीएम का कोई पॉवर ही नहीं होता. दरअसल उन्हें डिप्टी सीएम बनाए जाने को…

NewsTak
Google CTA

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने शुक्रवार को कहा कि डिप्टी सीएम का कोई पॉवर ही नहीं होता. दरअसल उन्हें डिप्टी सीएम बनाए जाने को लेकर सदन के भीतर भाजपा नेताओं ने चुटकी ली थी. जिस पर सिंहदेव ने अपनी प्रतिक्रिया दी. विधानसभा में मानसून सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को भाजपा की ओर से कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया. इसी दौरान सिंहदेव पर भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने चुटकी ली.

Read more!

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सिंहदेव ने कहा, “डिप्टी सीएम का तो कोई पॉवर ही नहीं होता.आप सब लोग भी जानते हैं कि यह एक प्रोटोकॉल है. एक दर्जा जरूर है इसमें. सम्मान है इसमें कोई संदेह नहीं है. लेकिन डिप्टी सीएम का कोई पॉवर नहीं होता. इस पर चुटकी ली गई.”

वहीं बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, “जैसे बच्चे को चुप कराने के लिए लॉलीपॉप दिया जाता है वैसे ही उपमुख्यमंत्री का पद होता है. हमारे संविधान में उपमुख्यमंत्री जैसा कोई पद नहीं है. उपमुख्यमंत्री का कई अतिरिक्त पॉवर नहीं होता.खाली एक नाम होता है.”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “साढ़े चार साल में आप अपने स्वास्थ्य विभाग में एक काम नहीं करवा पाए.”

बता दें कि सीएम पद को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके कैबिनेट सहयोगी टीएस सिंहदेव के बीच अनबन की खबरें अक्सर आती रही हैं. लेकिन प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें उनको प्रदेश का डिप्टी सीएम नियुक्त किया गया.

भाजपा इससे पहले भी उनको डिप्टी सीएम पद दिए जाने पर तंज कसती रही है. पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने भी इसे लेकर कटाक्ष किया था. उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने एक फरमान जारी करके टीएस सिंहदेव को एक अनौपचारिक पद दिया. छत्तीसगढ़ के इतिहास में ये पहली बार है जब मात्र 60 दिन के लिए किसी व्यक्ति को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है. उन्होंने कहा कि केवल 60 दिन के लिए उप मुख्यमंत्री बनाकर बाबा को झुनझुना पकड़ाया गया है और बाबा भी बहुत प्रसन्न दिखाई दे रहे हैं.