मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि नक्सलवाद जैसे गंभीर राष्ट्रीय मुद्दे पर उनका रुख न केवल भ्रम पैदा करने वाला है, बल्कि उनकी मंशा पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री ने कहा कि तथाकथित 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जिन घटनाओं में नक्सल विचारधारा समर्थक तत्वों के साथ मंच साझा करने और संवाद की स्थिति बनी, उसने पूरे देश को सोचने पर मजबूर किया है कि आखिर यह किस तरह की राजनीति है.
उन्होंने कहा कि हिडमा जैसे खूंखार नक्सली के मारे जाने के बाद “घर-घर में हिडमा पैदा होंगे” जैसे नारे लगना और उससे जुड़ी सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा किया जाना अत्यंत आपत्तिजनक है. यह सीधे-सीधे उन शक्तियों को नैतिक बल देने जैसा है, जो देश की शांति और सुरक्षा के खिलाफ खड़ी हैं.
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ऐसे कृत्य यह संकेत देते हैं कि कहीं न कहीं नक्सलवाद को लेकर एक खतरनाक नरमी या सहानुभूति दिखाई जा रही है, जो राष्ट्रहित के बिल्कुल विपरीत है. उन्होंने कहा कि जब हमारे जवान अपने प्राणों की आहुति देकर देश को सुरक्षित कर रहे हैं, तब इस तरह के संदेश बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य हैं.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार और केंद्र सरकार मिलकर नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ रही हैं और अब राज्य शांति, सुरक्षा और विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता सब देख रही है और समझ रही है कि कौन राष्ट्रहित के साथ खड़ा है और कौन भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से स्पष्ट रुख अपनाने और देश की एकता एवं सुरक्षा के मुद्दे पर कोई समझौता न करने की अपील की.
ADVERTISEMENT


