CG Electricity Bill Hike: बिजली बिल और कटौती को लेकर कांग्रेस का फूटा गुस्सा, क्या बोले बघेल?

ChhattisgarhTak

08 Jul 2024 (अपडेटेड: Jul 8 2024 8:00 PM)

विपक्षी कांग्रेस ने सोमवार को बिजली दरों में बढ़ोतरी और राज्य में लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में पूरे छत्तीसगढ़ में प्रदर्शन किया.

Google CTA

CG Electricity Bill Hike-  विपक्षी कांग्रेस ने सोमवार को बिजली दरों में बढ़ोतरी और राज्य में लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में पूरे छत्तीसगढ़ में प्रदर्शन किया.

Read more!

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत विनियामक आयोग (सीएसईआरसी) ने राज्य में सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए मौजूदा दरों से 8.35 प्रतिशत अधिक बिजली दरों में बढ़ोतरी की है. नई दरें 1 जून से प्रभावी हो गई हैं.

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख दीपक बैज ने रायपुर में विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया. अन्य पार्टी नेताओं ने जिला मुख्यालयों और विकास खंडों में आंदोलन किया.

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर के राजीव चौक पर लालटेन लेकर मार्च किया.

क्या बोले बघेल?

सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए बघेल ने कहा कि घरेलू उपभोक्ता, किसान, उद्योगपति और व्यवसायी बढ़ी हुई बिजली दरों और बिजली कटौती का खामियाजा भुगत रहे हैं.

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "देश के आधे हिस्से को छत्तीसगढ़ से कोयले की आपूर्ति की जा रही है. देश के बाकी हिस्सों को ऊर्जा (बिजली संयंत्रों के लिए कोयला) की आपूर्ति करने वाला राज्य खुद बिजली आपूर्ति में रुकावटों का सामना कर रहा है."

‘छत्तीसगढ़ में बिजली की दरें पड़ोसी राज्यों से अधिक’

बघेल ने आगे दावा किया कि छत्तीसगढ़ में बिजली की दरें उसके पड़ोसी राज्यों से अधिक हैं. पत्रकारों से बात करते हुए बैज ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध कराई थी, लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही दरें बढ़ा दीं.