राघव चड्ढ़ा की जगह लेने वाले AAP सांसद Ashok Mittal के यहां ED की रेड, जानें क्या है पूरा मामला

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के जालंधर और गुरुग्राम स्थित ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की है. यह कार्रवाई लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फंड्स में कथित अनियमितताओं की जांच को लेकर की जा रही है.

राघव चड्ढ़ा
राघव चड्ढ़ा

न्यूज तक डेस्क

follow google news

आम आदमी पार्टी (AAP) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. पार्टी के राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर अशोक मित्तल के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज सुबह छापेमारी की है. यह छापेमारी पंजाब के जालंधर और हरियाणा के गुरुग्राम सहित अशोक मित्तल और उनके बेटे के लगभग 8 से 9 ठिकानों पर चल रही है.

Read more!

क्यों हो रही है ED की छापेमारी?

सांसद अशोक मित्तल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर हैं. सूत्रों के मुताबिक, ईडी की यह कार्रवाई यूनिवर्सिटी के फंड से संबंधित कथित वित्तीय अनियमितताओं और गड़बड़ियों की जांच के सिलसिले में की जा रही है. जांच एजेंसी इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या विश्वविद्यालय से जुड़े लेनदेन, निवेश या दान में विदेशी मुद्रा कानूनों (FEMA) का उल्लंघन हुआ है. ईडी की टीम मौके पर महत्वपूर्ण दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों को खंगाल रही है.

राघव चड्ढा की जगह मिली थी बड़ी जिम्मेदारी

अशोक मित्तल पिछले कुछ दिनों से सियासी गलियारों में काफी चर्चा में रहे हैं. इसकी वजह यह थी कि आम आदमी पार्टी ने हाल ही में राज्यसभा में राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर के पद से हटाकर अशोक मित्तल को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी. राघव चड्ढा से पद छीनकर अशोक मित्तल को दिए जाने के ठीक बाद हुई इस छापेमारी ने अब सियासी माहौल गरमा दिया है.

AAP ने बताया 'प्रतिशोध की राजनीति'

ईडी की इस रेड की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए आम आदमी पार्टी ने इसे 'प्रतिशोध की राजनीति' करार दिया है. पार्टी का कहना है कि जैसे ही अशोक मित्तल को बड़ी जिम्मेदारी दी गई, उनके पीछे केंद्रीय एजेंसियों को लगा दिया गया. वहीं, पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच इस छापेमारी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. आम आदमी पार्टी के एक और सांसद पर ईडी की इस कार्रवाई से विपक्षी दलों और सरकार के बीच तकरार बढ़ना तय माना जा रहा है.

 

    follow google news