E20 पेट्रोल पर 'आप' का बड़ा दांव: 1 अगस्त को दिल्ली में 'नेशनल टाउनहॉल', केजरीवाल बोले- 'पेपर लीक की तरह सुलझाएं मुद्दा, वरना...'

न्यूज तक डेस्क

• 08:30 PM • 28 Jul 2026

E20 पेट्रोल के खिलाफ AAP का हल्ला बोल! 1 अगस्त को दिल्ली में अरविंद केजरीवाल करेंगे 'नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट ई-20'. जानिए कैसे ऑनलाइन और फिजिकली जुड़ सकते हैं आप.

NewsTak
Google CTA

देश भर में E20 पेट्रोल को लेकर बढ़ते जनाक्रोश के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. NEET पेपर लीक विवाद के बाद अब 'आप' ने E20 पेट्रोल के मुद्दे पर देश भर के वाहन मालिकों और नागरिकों को एक मंच पर लाने की तैयारी पूरी कर ली है. पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि आगामी 1 अगस्त (शनिवार) को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट ई-20’ का आयोजन किया जाएगा. 

Read more!

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि लोग E20 पेट्रोल की वजह से गाड़ियों के खराब होने और माइलेज में गिरावट से बेहद परेशान हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वे इस मुद्दे के बड़ा रूप लेने से पहले ही इसका समाधान निकालें. 

फिजिकल और ऑनलाइन... दोनों तरह से जुड़ सकेंगे लोग 

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि यह टाउनहॉल दोपहर 11:30 बजे से शुरू होगा. दिल्ली और आसपास के लोग कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में खुद पहुंचकर इस टाउनहॉल का हिस्सा बन सकते हैं, जबकि देश भर के अन्य राज्यों से लोग ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे. 

ऑनलाइन जुड़ने का तरीका- 

  • ऑनलाइन जुड़ने के लिए मोबाइल नंबर 8588833212 पर व्हाट्सएप करना होगा.
  • शुक्रवार शाम तक एक लिंक भेजा जाएगा, जिस पर क्लिक करके शनिवार को सुबह 11:30 बजे के बाद किसी भी समय कार्यक्रम से जुड़ा जा सकेगा. 

विशेषज्ञ, पीड़ित वाहन मालिक और नागरिक तय करेंगे रणनीति 

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि इस टाउनहॉल में ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्स, E20 पेट्रोल से प्रभावित वाहन मालिक और इस विषय में रुचि रखने वाले नागरिक एक साथ आएंगे. मंच पर सभी को अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा और सरकार को E20 नीति वापस लेने के लिए मजबूर करने की आगे की रणनीति बनाई जाएगी. 

"धर्मेंद्र प्रधान की तरह E20 पर भी झुकेगी सरकार" 

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा- 

"देश के युवाओं ने अपनी एकजुटता से अहंकारी सरकार को झुका दिया और धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा. अब हमें E20 के मुद्दे पर भी इसी तरह एक होकर आवाज उठानी होगी. प्रधानमंत्री जी से निवेदन है कि इससे पहले कि यह मुद्दा भी पेपर लीक की तरह बड़ा आंदोलन बने, वे खुद आगे आकर इसका समाधान करें."

PM को सौंपेंगे 2 लाख से अधिक चिट्ठियां 

केजरीवाल ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने E20 पेट्रोल के खिलाफ प्रधानमंत्री के नाम एक ऑनलाइन पिटीशन शुरू की थी. इस याचिका के तहत अब तक 2 लाख से अधिक लोगों की चिट्ठियां प्राप्त हो चुकी हैं. केजरीवाल ने बताया कि वे अगले हफ्ते खुद प्रधानमंत्री आवास जाकर ये सभी चिट्ठियां सौंपेंगे. 

'मोदी सरकार के लिए देश एक प्रयोगशाला...'- इथेनॉल मिले E-20 पेट्रोल पर अरविंद केजरीवाल का केंद्र पर बड़ा हमला