"तुम्हारे बाप का देश है?"... दीपके के मार्च से पहले AAP का बड़ा सरप्राइज, दिल्ली की सड़कों पर उतरा 200 फीट लंबा तिरंगा

अमित भारद्वाज

• 04:48 PM • 16 Oct 2026

आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली में 'तिरंगा लहराओ' कैंपेन के तहत राष्ट्रपति भवन के पास 200 फीट लंबा तिरंगा लेकर मार्च निकाला, जिसे लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस देखने को मिली.

AAP का बड़ा सरप्राइज
AAP का बड़ा सरप्राइज
Google CTA

राजधानी दिल्ली में 'तिरंगा लहराओ' कैंपेन को लेकर सियासी पारा हाई हो गया है. अभिजीत दीपके और सीजेपी (CJP) के शाम 5 बजे वाले मुख्य कॉल से पहले ही आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली पुलिस को बड़ा सरप्राइज दे दिया. आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नॉर्थ एवेन्यू और राष्ट्रपति भवन के आसपास हाथों में 200 फीट लंबा तिरंगा लेकर मार्च निकाला.

Read more!

दिल्ली पुलिस पर तंज और तीखे तेवर

प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं ने दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. आप नेताओं का कहना था कि उन्हें तिरंगा फहराने से रोकने की कोशिश की जा रही है. एक कार्यकर्ता ने गुस्से में कहा, "तिरंगा नहीं फहराने देंगे? हमने 200 फीट का तिरंगा राष्ट्रपति भवन के बाहर फहरा दिया. किस-किस को रोकोगे भाई तुम? क्या यह तुम्हारे बाप का देश है या संघियों का देश है?" आप नेताओं ने दावा किया कि वे देश की आन-बान-शान के लिए तिरंगा लेकर निकले हैं और इससे कोई शांति भंग नहीं होती.

धारा 163 और पुलिस की पाबंदियां

गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने सीपी (कनॉट प्लेस) और जंतर-मंतर के आसपास धारा 163 लागू होने का हवाला देते हुए इस तरह के प्रदर्शनों की अनुमति न होने की बात कही थी. इसके बावजूद आप कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति भवन और संसद भवन के बाहर मार्च निकाला और स्पष्ट किया कि वे तमाम कोशिशों के बावजूद कनॉट प्लेस पहुंचेंगे.

'रिजाइम चेंज' के बयान पर भी छिड़ी बहस

अभिजीत दीपके के इस कैंपेन और प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण द्वारा 'रिजाइम चेंज' (सत्ता परिवर्तन) की बात कहे जाने पर भी सियासत गरमा गई है. इस पर आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना है कि जब संवैधानिक संस्थाओं से समझौता किया जा रहा हो और जनतंत्र को खत्म किया जा रहा हो, तो देश की अखंडता और संविधान की रक्षा करने की जिम्मेदारी जनता और उनकी है.

सौरभ भारद्वाज, संजीव झा और कुलदीप कुमार जैसे प्रमुख विधायकों और नेताओं की अगुवाई में निकाले गए इस तिरंगा मार्च ने शाम के मुख्य आयोजनों से पहले ही सियासी हलचल तेज कर दी है.

ये भी पढ़ें: Delhi CJP Protest LIVE: CJP के 'तिरंगा यात्रा' से पहले अभिजीत दिपके के घर पहुंची पुलिस, जारी किया नोटिस!