महज 5 दिन में BJP-AAP को पछाड़ने वाली 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके का क्या है केजरीवाल से कनेक्शन?

Abhijeet Deepke AAP Connection: 'कॉकरोच जनता पार्टी' बनाकर सोशल मीडिया पर तहलका मचाने वाले अभिजीत दीपके आखिर कौन हैं? जानिए कैसे सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी से शुरू हुई यह डिजिटल मुहिम, क्या है उनका अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी से कनेक्शन, क्यों वायरल हो रही मनीष सिसोदिया संग तस्वीर और कैसे 5 दिनों में इस पार्टी ने सोशल मीडिया पर BJP और AAP को फॉलोअर्स के मामले में पीछे छोड़ दिया.

Abhijeet Deepke and AAP Connection
Abhijeet Deepke and AAP Connection

दिनेश यादव

follow google news

सोशल मीडिया की ताकत क्या है, इसका सबसे सटीक और ताजा उदाहरण इस समय इंटरनेट पर देखने को मिल रहा है. महज 5 दिन पहले वजूद में आई 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने डिजिटल दुनिया में ऐसा बवंडर खड़ा किया है कि हर कोई हैरान है. इस आभासी पार्टी ने इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स के मामले में देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी (BJP) को भी बहुत पीछे छोड़ दिया है. 

Read more!

जहां इस समय इंस्टाग्राम पर बीजेपी के 8.7 मिलियन और आम आदमी पार्टी (AAP) के 1.9 मिलियन फॉलोअर्स हैं, वहीं 'कॉकरोच जनता पार्टी' के फॉलोअर्स का आंकड़ा 14 मिलियन (1.4 करोड़) को भी पार कर गया है. इस पार्टी को बनाने वाले अभिजीत दीपके अचानक सुर्खियों में आ गए हैं. इस बीच एक दिलचस्प तथ्य यह भी सामने आया है कि सोशल मीडिया पर तहलका मचाने वाले अभिजीत दीपके का दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी से पुराना व गहरा नाता रहा है. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.

आखिर क्यों और कैसे बनी 'कॉकरोच जनता पार्टी'?

इस अनोखी पार्टी के गठन की कहानी बेहद दिलचस्प है, जिसकी शुरुआत एक अदालती टिप्पणी से हुई. दरअसल, 15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान देश के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कुछ बेरोजगार युवाओं को 'कॉकरोच' और 'पैरासाइट्स' (परजीवी) जैसे शब्दों से संबोधित कर दिया था. भारत से हजारों मील दूर अमेरिका में बैठे अभिजीत दीपके को मुख्य न्यायाधीश की यह बात चुभ गई. 

उन्होंने शुरुआत में केवल व्यंग्य और तंज कसने के लिए यानी हंसी-मजाक में 'कॉकरोच जनता पार्टी' के नाम से एक सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर एक ट्रेंड शुरू किया. लेकिन देखते ही देखते इस मजाक ने एक बड़े आंदोलन और डिजिटल क्रांति का रूप ले लिया. महज 5 दिनों के भीतर इस पेज से करोड़ों लोग जुड़ गए और यह युवाओं (जेन-जी) की आवाज बन गया, जिसका मुख्य उद्देश्य देश के जरूरी मुद्दों पर सरकार से तीखे सवाल पूछना है.

अरविंद केजरीवाल और 'आप' से क्या है अभिजीत का कनेक्शन?

सोशल मीडिया पर तहलका मचाने वाले 30 वर्षीय अभिजीत दीपके का आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल से पुराना जुड़ाव रहा है. अभिजीत साल 2020 से लेकर साल 2023 के बीच आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया और चुनाव अभियानों के रणनीतिकार के तौर पर काम कर चुके हैं. साल 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में जब आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत मिला था, तब अभिजीत दीपके ने ही पार्टी के लिए मीम-आधारित डिजिटल कैंपेन चलाया था. 

इस अभियान ने 'आप' को युवाओं से जोड़ने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई थी. राजनीति और सोशल मीडिया के ये सारे दांव-पेंच अभिजीत ने आम आदमी पार्टी के डिजिटल नैरेटिव को सेट करते हुए ही सीखे थे. हालांकि, साल 2023 में वे राजनीतिक क्षेत्र से कुछ समय के लिए अलग हो गए और आगे की पढ़ाई के लिए विदेश चले गए.

मनीष सिसोदिया के साथ तस्वीर हुई वायरल

अभिजीत दीपके के आम आदमी पार्टी से मजबूत रिश्तों की गवाही सोशल मीडिया पर तैर रही एक तस्वीर भी दे रही है. यह तस्वीर उस समय की है जब अभिजीत आम आदमी पार्टी का काम छोड़कर पढ़ाई के लिए अमेरिका जा रहे थे. उस दौरान उन्होंने 'आप' के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से मुलाकात की थी और उनके गले लगते हुए एक भावुक पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की थी.

यही वजह है कि आज जब अभिजीत की 'कॉकरोच जनता पार्टी' सोशल मीडिया पर धूम मचा रही है, तो उन्हें आम आदमी पार्टी का भी भरपूर समर्थन मिल रहा है. मनीष सिसोदिया ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर 'कॉकरोच जनता पार्टी' की जमकर तारीफ की है और युवाओं, खासकर Gen-Z को इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है.

युवाओं को साधने की 'आप' की क्रोनोलॉजी

इस पूरे घटनाक्रम के बीच राजनीतिक गलियारों में डॉट्स को जोड़ने की कोशिश भी की जा रही है. एक तरफ जहां 'कॉकरोच जनता पार्टी' युवाओं के मुद्दों को उठा रही है, वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल भी इन दिनों युवाओं और छात्रों के मुद्दों पर बेहद आक्रामक नजर आ रहे हैं. अरविंद केजरीवाल ने नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर सोशल मीडिया पर दो वीडियो जारी कर छात्रों को सीधे संबोधित किया है. 

इसके साथ ही उन्होंने पंजाब में नीट के छात्रों के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा का बड़ा एलान भी किया है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सीधे तौर पर देश के युवा वर्ग यानी जेन-जी को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं और इसी कड़ी में वे अभिजीत की इस नई डिजिटल मुहिम को भी खुलकर बैक कर रहे हैं.

कौन हैं 'कॉकरोच क्रांति' लाने वाले अभिजीत दीपके?

हर तरफ कॉकरोच के मीम्स और तस्वीरों से इंटरनेट पर बवंडर खड़ा करने वाले अभिजीत दीपके मूल रूप से महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर के रहने वाले हैं. उन्होंने पुणे से पत्रकारिता में अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है. इसके बाद वे उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए, जहां वे वर्तमान में अमेरिका की प्रतिष्ठित बॉस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस (PR) की पढ़ाई कर रहे हैं. 

रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिजीत एक बेहतरीन पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रेटेजिस्ट हैं. वे डिजिटल मीडिया पर नैरेटिव बिल्डिंग, पब्लिक मैसेजिंग और पॉलिटिकल ओपिनियन को प्रभावित करने के स्पेशलिस्ट माने जाते हैं. यही वजह है कि उनकी इस विशेषज्ञता ने महज 5 दिनों के भीतर सोशल मीडिया पर 'कॉकरोच क्रांति' की एक ऐसी लहर पैदा कर दी है, जिसने देश की स्थापित राजनीतिक पार्टियों को भी पीछे छोड़ दिया है.

    follow google news