Abhijeet Dipke Principal Drunk School: कॉकक्रोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके का एक नया वीडियो सामने आया है. दरअसल, अभिजीत स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने पैतृक गांव संतक पिंपरी पहुंचे थे. यहां उन्होंने जिला परिषद स्कूल का जायजा लिया. इस दौरान स्कूल का नजारा देखकर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. अभिजीत दीपके ने देखा कि स्कूल में न तो बच्चों के पीने के लिए साफ पानी की व्यवस्था थी, न बैठने के लिए पर्याप्त बेंच और न ही टॉयलेट की सही सुविधा. इसके बाद उन्होंने फोन पर ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बात की और व्यवस्था सुधारने को कहा और ऐसा न करने पर प्रदर्शन की चेतावनी भी थी.
ADVERTISEMENT
ग्रामीणों का गंभीर आरोप: शराब पीकर आता है प्रिंसिपल
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों और अभिभावकों ने अभिजीत दीपके के सामने सबसे बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूल का प्रिंसिपल रोजाना शराब पीकर स्कूल आता है, जिससे छोटे बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ रहा है. इसके अलावा, स्कूल में 5 कक्षाओं को पढ़ाने के लिए सिर्फ 2 ही शिक्षक तैनात हैं, जिससे व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है.
ऑन कैमरा शिक्षा अधिकारी को चेतावनी और अल्टीमेटम
ग्रामीणों की शिकायत सुनते ही अभिजीत दीपके ने तुरंत फोन लगाकर शिक्षा विभाग की वरिष्ठ अधिकारी से बात की और ऑन कैमरा उन्हें कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि छोटे बच्चों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अभिजीत दीपके ने शिक्षा विभाग को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर मंगलवार तक शराबी प्रिंसिपल पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो वे खुद ग्रामीणों के साथ मिलकर स्कूल के बाहर बड़ा प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे.
'स्कूल ठीक करो अभियान' के तहत रियलिटी चेक
अभिजीत दीपके अपने 'स्कूल ठीक करो अभियान' के तहत महाराष्ट्र और देश भर के सरकारी स्कूलों का लगातार रियलिटी चेक कर रहे हैं. उन्होंने साफ कर दिया है कि शिक्षा व्यवस्था में प्रशासनिक लापरवाही और अनुशासनहीनता को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा. अभिजीत दीपके का यह ऑन-कैमरा चेतावनी वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. अब देखना यह होगा कि मंगलवार तक शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई करता है.
यह भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके का 'सीजन-2' का ऐलान, अब करने जा रहे ये बड़ा काम!
ADVERTISEMENT


