'नौकर को पता था, चाबी कहां रहती है'...मर्डर से पहले आरोपी का एक और कांड सामने आया, IRS अफसर की बेटी की हत्या मामले में कई खुलासे

हिमांशु मिश्रा

• 04:50 PM • 22 Apr 2026

Delhi IRS Officer Daughter murder Case: दिल्ली के अमर कॉलोनी मर्डर केस में आरोपी राहुल मीणा को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. अलवर में भी छेड़छाड़ के मामले में उसका नाम सामने आया है. पुलिस को पता चला कि उसे घर की चाभी की जानकारी थी. अब दिल्ली और अलवर पुलिस मिलकर आरोपी की तलाश में जुटी हैं.

Delhi IRS Officer Daughter murder Case
Delhi IRS Officer Daughter murder Case
Google CTA

Delhi IRS Daughter murder Case: दक्षिण पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या के मामले में नए अपडेट सामने आया है. जानकारी के अनुसार मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस आरोपी नौकर राहुल मीणा की तलाश में पहुंची. यहां पुलिस को आरोपी को लेकर कई चौंकाने वाली जानकारियां मिली. पूछताछ में पता चला कि आरोप राहुल मंगलवार को भी अपने इलाके में एक छेड़छाड़ की घटना में शामिल था. मामले की जानकारी देते हुए अलवर पुलिस के एसपी सुधीर चौधरी ने इंडिया टुडे को बताया कि यहां वारदात को अंजाम देने के बाद राहुल सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो गया था. अब इस मामले में दिल्ली पुलिस और अलवर पुलिस की टीमें मिलकर काम कर रही हैं जिससे की आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके.

Read more!

आरोपी को पता थी घर की चाभी रखने की जगह 

वहीं, शुरुआती जांच में ये  बात भी सामने आई है कि आरोपी राहुल मीणा को पता था कि घर में नौकरों के लिए चाभी कहां रखी होती है. ऐसे में उसने इसी चाभी का इस्तेमाल किया और इसके जरिए ही वो घर में दाखिल हुआ. वारदात के वक्त लड़की घर में अकेली थी. उसके माता-पिता सुबह जिम गए हुए थे. आरोपी को बिल्डिंग में सुबह आते और जाते हुए भी देखा गया है.

अलवर पुलिस ने आरोपी को लेकर किया बड़ा खुलासा

इस मामले में अलवर के एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि राहुल मीणा के खिलाफ राजगढ़ पुलिस स्टेशन में छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ है. उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस के डीसीपी उनसे लगातार संपर्क में हैं. डीसीपी ने बताया कि उन्हें राहुल के बारे में जो भी इनपुट मिले हैं वो वे दिल्ली पुलिस के साथ शेयर कर रहे हैं. केस दर्ज करवाने वाली पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है. हम इस पूरे मामले की इन्वेस्टिगेशन कर रहे हैं और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा.

यौन उत्पीड़न की जताई गई आशंका

सूत्रों के मुताबिक, मृतक युवती ने अपनी जान बचाने के लिए आरोपी का काफी विरोध किया था. इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मृतका के  घर का सामान बिखरा हुआ पड़ा था. आरोपी ने लड़की को काबू करने के लिए पहले उसके सिर पर वार किया था. इसके बाद मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. युवती की लाश फर्श पर पड़ी हुई मिली थी. शुरुआती जांच में यौन उत्पीड़न की आशंका भी जताई गई है. हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है.

UPSC की तैयारी कर रही थी मृतका

आपको बता दें कि मृतका एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट थी. फिलहाल वो यूपीएससी की तैयारी कर रही थी.अब इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है. वहीं ये बात भी सामने आई है कि आरोपी राहुल को करीब डेढ़ महीने पहले ही काम से हटाया गया था. फिलहाल पुलिस आरोपी की धरपकड़ में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली के पॉश इलाके में IRS अधिकारी के बेटी की हत्या, सेक्सुअल एसॉल्ट की बात भी सामने आई है, पुलिस जांच में जुटी