हिरासत में लिए गए छात्रों की मदद में उतरी आम आदमी पार्टी, अरविंद केजरीवाल पहुंचे थाने

न्यूज तक डेस्क

• 08:27 PM • 25 Jul 2026

दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों की मदद के लिए आम आदमी पार्टी की लीगल टीम और हेल्पलाइन सक्रिय. अरविंद केजरीवाल खुद मंदिर मार्ग थाने पहुंचे. 500 से अधिक युवाओं को मिली कानूनी व मेडिकल सहायता.

NewsTak
फाइल फोटो.
Google CTA

राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर और 'संसद चलो मार्च' के दौरान हिरासत में लिए गए छात्रों और युवाओं को राहत दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) मैदान में उतर आई है. पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल खुद मंदिर मार्ग थाने पहुंचे और हिरासत में लिए गए छात्रों के साथ एकजुटता दिखाई.

Read more!

आम आदमी पार्टी का दावा है कि उसकी विशेष 'AAP Student Helpline' (8588833548) और लीगल टीम के माध्यम से अब तक करीब 500 से अधिक छात्रों और युवाओं को कानूनी और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है. 

जब तक बच्चे रिहा नहीं होंगे, थाने से नहीं जाऊंगा- केजरीवाल 

अरविंद केजरीवाल के निर्देशों पर पार्टी की लीगल सेल थानों में जाकर हिरासत में लिए गए युवाओं की पैरवी कर रही है. मंदिर मार्ग थाने पहुंचे अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे बच्चों को इस तरह हिरासत में लेना गलत है और जब तक सभी छात्रों को रिहा नहीं कर दिया जाता, वे थाने में ही मौजूद रहेंगे.

केजरीवाल के इस कड़े रुख और लीगल टीम के हस्तक्षेप के बाद मंदिर मार्ग और पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन समेत विभिन्न थानों से करीब 70 से 80 छात्रों को रिहा कराया गया. इसके अलावा, अशोक विहार इलाके से भी कुछ छात्रों को सुरक्षित निकाला गया और एक लापता छात्र को ढूंढकर उसके परिजनों को सौंपा गया.

हेल्पलाइन के जरिए 500 से अधिक युवाओं की मदद 

पार्टी ने हेल्पलाइन नंबर (8588833548) जारी किया था. इस नंबर पर लगातार मदद के लिए कॉल और संदेश आ रहे हैं. पार्टी के अनुसार, AAP की लीगल और मेडिकल टीमें लगातार एक्टिव हैं और थानों व अन्य स्थलों पर पहुंचकर जरूरतमंद छात्रों को मुफ्त कानूनी सलाह और सहायता प्रदान कर रही हैं. 

यह केवल राजनीति नहीं, युवाओं के हक की लड़ाई- केजरीवाल

आम आदमी पार्टी ने अपने बयान में कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठाना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है. पार्टी ने तुलना करते हुए कहा कि जिस तरह ऐतिहासिक किसान आंदोलन के दौरान किसानों की आवाज को हर स्तर पर बुलंद किया गया था, ठीक उसी तरह पार्टी आज देश के छात्रों और युवाओं के साथ चट्टान की तरह खड़ी है.

पार्टी ने आश्वस्त किया है कि आंदोलन में शामिल किसी भी छात्र को अकेला नहीं रहने दिया जाएगा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी.