आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के जालंधर में व्यापारियों और उद्योगपतियों के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और विपक्षी दलों पर तीखे हमले किए हैं. इस दौरान केजरीवाल ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को लेकर एक बेहद सनसनीखेज बयान दिया. उन्होंने कहा कि एक गैंगस्टर बाकी रह गया है, जो साबरमती जेल में बंद है और वह वहां 'ईडी पार्टी' का दामाद बनकर बैठा है.
ADVERTISEMENT
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने ऐसा आदेश पास कर रखा है कि उसे उस जेल से कोई बाहर नहीं ले जा सकता. इसके कारण वह जेल के भीतर से ही पूरी दुनिया में अपना नेटवर्क चला रहा है और पंजाब पुलिस चाहकर भी उसे राज्य में नहीं ला सकती, बल्कि पुलिस को साबरमती जेल जाकर ही जांच करनी पड़ती है. केजरीवाल ने दावा किया कि उसे चारों तरफ से सुरक्षा और सभी सुविधाएं दी गई हैं.
पंजाब में गैंगस्टर्स के खात्मे और कानून व्यवस्था पर कही बात
मंच पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की मौजूदगी में केजरीवाल ने राज्य की कानून व्यवस्था पर विस्तार से बात की. उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सत्ता संभाली थी, तब दो सबसे बड़े मुद्दे थे- गैंगस्टर्स और नशा. केजरीवाल ने दावा किया कि पंजाब के जितने भी गैंगस्टर्स हैं, उनका इतिहास गवाह है कि वे सभी पुरानी राजनीतिक पार्टियों के ही रिश्तेदार, चमचे या सगे-संबंधी हैं. आम आदमी पार्टी के 4-5 साल के कार्यकाल में एक भी नया गैंगस्टर पैदा नहीं हुआ है. उन्होंने बताया कि राज्य में गैंगस्टर्स का सफाया किया जा रहा है और पंजाब के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब 7 बड़े गैंगस्टर्स को अलग-अलग देशों से डिपोर्ट कराकर पंजाब लाया गया है और उन्हें सजा दिलवाई जा रही है.
विपक्षी दलों को दिया 'चिट्टा', 'ED' और 'झगड़ा' पार्टी का नाम
केजरीवाल ने पंजाब की राजनीति में सक्रिय अन्य दलों पर तंज कसते हुए उन्हें अनोखे नाम दिए. उन्होंने कहा कि पंजाब में कुल चार पार्टियां हैं, जिनमें पहली 'चिट्टा पार्टी' (या बेअदबी पार्टी) है, जिसने घर-घर नशा पहुंचाया और जिसके समय बेअदबी की घटनाएं हुईं. दूसरी 'ईडी पार्टी' है, जो केंद्रीय एजेंसियों का डर दिखाकर व्यापारियों से वसूली करती है. तीसरी उन्होंने 'झगड़ा पार्टी' बताई, जिसके नेता आपस में ही लड़ते रहते हैं. वहीं, चौथी पार्टी उन्होंने आम आदमी पार्टी को बताया, जो जनता की अपनी पार्टी है और ईमानदारी से काम कर रही है. केजरीवाल ने दावा किया कि उनकी सरकार में व्यापारियों से होने वाली पुरानी वसूली का सिस्टम पूरी तरह बंद हो चुका है.
ED के जरिए चंदा वसूली के आंकड़ों पर चौंकाने वाला दावा
व्यापारियों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने चंदा वसूली को लेकर एक हैरान करने वाला आंकड़ा पेश किया. उन्होंने दावा किया कि पिछले साल 'ईडी पार्टी' को पंजाब के व्यापारियों और उद्योगपतियों से 60 करोड़ रुपये का चंदा मिला, जबकि राज्य में सत्ता संभाल रही आम आदमी पार्टी को सिर्फ 70 लाख रुपये का चंदा मिला. उन्होंने सवाल उठाया कि जिस पार्टी की पंजाब में सिर्फ दो सीटें हैं, उसे 60 करोड़ रुपये कैसे मिले? केजरीवाल ने आरोप लगाया कि व्यापारियों को ईडी और सीबीआई की धमकियां देकर बुलाया जाता है, उन पर रेड कराई जाती है और पैसे लेकर मामले रफा-दफा कर दिए जाते हैं.
नशे के मुद्दे पर गुजरात और सीएजी रिपोर्ट को घेरा
नशे की तस्करी पर बोलते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पहले पंजाब में 70 प्रतिशत नशा पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आता था और 30 प्रतिशत गुजरात से आता था. आम आदमी पार्टी की सरकार ने पाकिस्तान बॉर्डर पर एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाकर बॉर्डर से आने वाले नशे को काफी हद तक रोक दिया है, जिससे ड्रोन हवा में ही मार गिराए जाते हैं. लेकिन अब स्थिति उलट गई है और 70 प्रतिशत चिट्टा गुजरात से आ रहा है. उन्होंने साल 2021 में गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से पकड़े गए 3000 किलो ड्रग्स का जिक्र किया और सीएजी (CAG) की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए तंज कसा कि गुजरात में 2200 किलो ड्रग्स को चूहे खा गए. उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात देश में ड्रग्स का गेटवे बन चुका है.
छोटा व्यापारी देश की रीढ़, समस्याओं के लिए बना कमीशन
अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए केजरीवाल ने कहा कि बड़े उद्योगपतियों के निवेश की बात तो सब करते हैं, लेकिन राज्य की अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ की हड्डी छोटा व्यापारी है. छोटे व्यापारियों की समस्याओं को सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए पंजाब में 'पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन' का गठन किया गया है. इसके तहत पूरे पंजाब में करीब 800 मार्केट्स को चिन्हित कर व्यापारियों के साथ बैठकें की गई हैं. सड़कों, टूटे तारों, बिजली, पानी और टॉयलेट जैसी छोटी-छोटी समस्याओं को सीधे सीएम दफ्तर की एक विशेष टीम मॉनिटर करती है और मुख्यमंत्री खुद इन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करते हैं.
धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यों का किया जिक्र
केजरीवाल ने अपने भाषण के अंत में सरकार द्वारा कराए जा रहे आध्यात्मिक कार्यों की भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सरकार ने श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहादत दिवस और गुरु रविदास जी का 650वां पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया है. इसके अलावा पटियाला के ऐतिहासिक काली माता मंदिर का 85 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जा रहा है, जो सितंबर तक पूरा हो जाएगा. सरकार द्वारा चलाई जा रही 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के तहत वोल्वो बसों के जरिए मुफ्त तीर्थ यात्रा कराई जा रही है, जिसमें अमृतसर के दरबार साहब, आनंदपुर साहब और नैना देवी के बाद अब सालासर धाम, खाटू श्याम, हरिद्वार, ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन के नए रूट्स भी शुरू किए जा रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने जुलाई के अंत से पूरे पंजाब में आशुतोष राणा के मशहूर नाटक 'हे राम' का मंचन मुफ्त कराने का भी ऐलान किया.
ADVERTISEMENT


