'कॉकरोच जनता पार्टी' पर पहली बार बोले अरविंद केजरीवाल, NEET-CBSE को लेकर केंद्र सरकार पर भी साधा निशाना

Arvind Kejriwal News: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने NEET पेपर लीक, CBSE मूल्यांकन गड़बड़ी और 'कॉकरोच जनता पार्टीट को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला. केजरीवाल ने कहा कि युवाओं का गुस्सा अब सोशल मीडिया से सड़कों तक पहुंच चुका है. जानिए NEET परीक्षा, CBSE रिजल्ट विवाद और शिक्षा व्यवस्था पर केजरीवाल ने क्या-क्या आरोप लगाए.

Arvind Kejriwal on  Cockroach Janta Party
Arvind Kejriwal on Cockroach Janta Party

न्यूज तक डेस्क

follow google news

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देश की मौजूदा शिक्षा व्यवस्था, NEET पेपर लीक और CBSE के मूल्यांकन में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. एक हालिया बयान में केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी 'कॉकरोच जनता पार्टी'(CJP) का जिक्र करते हुए कहा कि इस पार्टी की तेजी से बढ़ती सदस्यता देश के युवाओं और छात्रों के भीतर पनप रहे भारी गुस्से और रोष को दर्शाती है. उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के इस आक्रोश को समझने और उनकी समस्याओं को स्वीकार करने के बजाय सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए उनके अकाउंट्स बंद करने में जुट गई है.

Read more!

युवाओं के गुस्से का प्रतीक है 'कॉकरोच जनता पार्टी'

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था और सरकार के खिलाफ देश के युवाओं में जबरदस्त नाराजगी है. 'कॉकरोच जनता पार्टी' के साथ जिस तेजी से लोग जुड़े हैं और इसकी मेंबरशिप बढ़ी है, वह इस बात का साफ सबूत है कि युवा अब खामोश बैठने वाले नहीं हैं.

केजरीवाल ने केंद्र सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि सरकार को अपनी कमियों को सुधारना चाहिए और युवाओं के मुद्दों पर काम करना चाहिए ताकि उन्हें इस तरह का रास्ता न चुनना पड़े. उन्होंने साफ किया कि आज का युवा देश में बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर चाहता है.

NEET पेपर लीक को लेकर उठाए सवाल

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET में हुई गड़बड़ियों पर सरकार को घेरते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह चौथी बार है जब पेपर लीक हुए हैं. उन्होंने सरकार की प्रशासनिक क्षमता पर सीधे सवाल खड़े करते हुए कहा कि जो सरकार देश की एक प्रतिष्ठित परीक्षा निष्पक्ष तरीके से आयोजित नहीं करवा सकती, वह पूरा देश और सरकार कैसे चलाएगी. इस परीक्षा प्रणाली की नाकामी का असर छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है और पेपर लीक के तनाव के चलते हाल ही में पांच बच्चों ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया.

CBSE मूल्यांकन प्रक्रिया में बहुत बड़ा घोटाला

केजरीवाल ने केवल NEET ही नहीं, बल्कि CBSE के मूल्यांकन प्रोसेस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि हाल ही में सीबीएसई के मूल्यांकन में एक बहुत बड़ा घोटाला और भारी गड़बड़ी निकलकर सामने आई है. इस लापरवाही की वजह से देश के लाखों 12वीं क्लास के छात्रों के रिजल्ट पूरी तरह से बिगड़ गए हैं. केजरीवाल के कहा कि, बोर्ड ने एक बच्चे के पेपर को दूसरे बच्चे के रोल नंबर के साथ मिक्स कर दिया है, जिससे परीक्षा की विश्वसनीयता पर बड़ा सवालिया निशान लग गया है.

तकनीकी खामियों और बदहाली पर घेरा

शिक्षा व्यवस्था के तकनीकी ढांचे पर हमला बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार दिनों से सीबीएसई का पोर्टल पूरी तरह से बंद पड़ा हुआ है. छात्र परेशान हैं क्योंकि पोर्टल का पेमेंट गेटवे भी काम नहीं कर रहा है. केजरीवाल ने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को यह समझ ही नहीं आ रहा है कि आखिर सरकार चलाई कैसे जाती है. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने देश की पूरी शिक्षा व्यवस्था का पूरी तरह से बेड़ा गर्क करके रख दिया है, जिसके कारण देश का छात्र और युवा आज सड़कों पर और सोशल मीडिया पर अपना विरोध दर्ज कराने को मजबूर है.

    follow google news