आम आदमी पार्टी ने नीट पेपर लीक होने से रोकने के लिए वायुसेना के जहाज का इस्तेमाल के बाद अब टेलीग्राम को बैन करने पर केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया है. ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पेपर लीक रोकने के लिए पहले भारतीय वायुसेना के जहाज और अब टेलीग्राम बैन. यह सरकार पूरी तरह से कॉमेडी सर्कस बन गई है. इससे पेपर लीक कभी नहीं रुकेंगे. उन्होंने पूछा कि क्या पेपर लीक के धंधे से आने वाले पैसे का इस्तेमाल सांसदों और विधायकों को खरीदने के लिए किया जा रहा है? क्योंकि सरकार की पेपर लीक रोकने की नियत ही नहीं है. अगर पूरी व्यवस्था बदलनी है तो जनता को सड़क पर आना पड़ेगा.
ADVERTISEMENT
गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो जारी कर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए टेलीग्राम बैन कर दिया. क्या लोगों को यह सुनकर हंसी नहीं आती? पहले इन्होंने बोला कि हम पेपर को एयरफोर्स के हवाई जहाज से ट्रांसपोर्ट कराएंगे. अब कह रहे हैं कि टेलीग्राम बैन कर दिया. क्या इससे पेपर लीक रुकेंगे? इन्हें तो पेपर लीक रोकना ही नहीं है. इनकी नीयत ही खराब है.
अरविंद केजरीवाल ने याद दिलाया कि मैंने पहले ही बोला था कि पेपर लीक का धंधा अरबों-खरबों रुपए का है और इसका पैसा टॉप तक पहुंचता है. इतने जो सांसद और विधायक खरीदे खरीदे जा रहे हैं, यह किस पैसे से खरीदे जा रहे हैं? यह युवाओं के पेपर लीक के पैसे से ही तो खरीदे जा रहे हैं. अभी इन्होंने टीएमसी के ढेर सारे सांसद-विधायक खरीदे. अभी बता रहे हैं कि महाराष्ट्र में खूब खरीद रहे हैं. एक-एक सांसद को 50-50 करोड़ रुपए दे रहे हैं. तो ये ऐसे ही थोड़ी खरीदे जा रहे हैं.
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि अगर पेपर लीक का यह धंधा बंद कर दिया, तो सांसद और विधायक खरीदने का पैसा कहां से आएगा? जब तक जनता मिलकर सड़कों पर नहीं उतरेगी, तब तक पेपर लीक बिल्कुल नहीं रुकने वाला है. यह पूरी व्यवस्था बदलनी पड़ेगी.
उधर, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक्स पर कहा- ''वाह भाई, ईडी पार्टी ग़ज़ब के जोकर हो यार तुम लोग, मतलब हद ही कर दी है. कभी वायु सेना से पेपर पहुँचाने की बात करते हो कभी टेलीग्राम बंद करके पेपर लीक ख़त्म करने की बात करते हो. आख़िर कितनी नौटंकी करोगे भाई?''
ADVERTISEMENT


