चांदनी चौक में अब नहीं लगेगा घंटों जाम! सरकार के मास्टर प्लान से बदल जाएगी पूरी तस्वीर

वैशाली

• 05:23 PM • 03 Nov 2026

Chandni Chowk Redevelopment: दिल्ली सरकार पुरानी दिल्ली के ऐतिहासिक नेताजी सुभाष मार्ग की तस्वीर बदलने जा रही है. दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक 3.3 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का रीडवलपमेंट किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी और चांदनी चौक आने वाले पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.

पुरानी दिल्ली के ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति
पुरानी दिल्ली के ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति
Google CTA

Chandni Chowk Redevelopment: अगर आप पुरानी दिल्ली की सड़कों पर अक्सर आते-जाते हैं या लाल किले और चांदनी चौक के आसपास लगने वाले ट्रैफिक जाम से परेशान हैं, तो आपके लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर है. दिल्ली सरकार पुरानी दिल्ली के ऐतिहासिक नेताजी सुभाष मार्ग की पूरी तस्वीर बदलने जा रही है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई में इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम (IVPN) द्वारा एक नया मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जिसके तहत इस पूरे इलाके का कायाकल्प किया जाएगा.

Read more!

दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक 3.3 किलोमीटर लंबा नया कॉरिडोर

इस प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली गेट से लेकर कश्मीरी गेट तक करीब 3.3 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का पूरी तरह से रीडवलपमेंट किया जाएगा. सरकार का मुख्य मकसद पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक पहचान और विरासत को संजोए रखते हुए इसे एक आधुनिक, सुंदर और सुरक्षित कॉरिडोर में बदलना है. इस पूरे काम को आसान और सुचारू बनाने के लिए 3.3 किलोमीटर की इस सड़क को चौड़ाई के हिसाब से तीन अलग-अलग भागों में बांटा गया है:

  • पहला हिस्सा: कश्मीरी गेट से जीपीयू चौक तक
  • दूसरा हिस्सा: जीपीयू चौक से ब्रिज मोहन चौक तक
  • तीसरा और अंतिम हिस्सा: ब्रिज मोहन चौक से सीधे दिल्ली गेट तक

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी सड़कें और बनेंगे चौड़े फुटपाथ

इन तीनों हिस्सों में चौड़े फुटपाथ, अलग से बस लेन, गाड़ियों के लिए व्यवस्थित लेन, साइकिल ट्रैक, पार्किंग और पैदल चलने वालों के लिए प्लाजा तैयार किए जाएंगे. इसके अलावा आधुनिक टॉयलेट और हाईटेक बस स्टॉप भी बनाए जाएंगे. इस प्रोजेक्ट में अग्रसेन पार्क, पुराना रेलवे स्टेशन चौक, लाल किला, चांदनी चौक, सुभाष पार्क और दिल्ली गेट समेत 12 प्रमुख स्थलों और पार्क एरिया को आपस में जोड़ा जाएगा. दिल्ली गेट के पास एक खास विरासत परिचय उद्यान भी बनाया जाएगा, जहां हरियाली, मूर्तियां और शानदार बैठने की व्यवस्था होगी.

जाम से मिलेगी मुक्ति और बढ़ेगी खूबसूरती

इस रीडवलपमेंट प्लान से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सबसे बड़ा फायदा ट्रैफिक जाम से मुक्ति के रूप में मिलेगा. अलग बस लेन और गाड़ियों के सही डिमार्केशन से पुरानी दिल्ली के लंबे जाम से राहत मिलेगी. लाल किला और चांदनी चौक आने वाले पर्यटकों के लिए सड़क पार करना और पैदल चलना सुरक्षित होगा. साथ ही, जगह-जगह पार्क और पौधे लगाने से प्रदूषण पर लगाम लगेगी और इलाका हरा-भरा व आकर्षक दिखेगा.

यह भी पढ़ें: Delhi Traffic Rule: दिल्ली-NCR में पुरानी गाड़ियों की नो-एंट्री, चेक करें अपनी गाड़ी का स्टेटस और जानें किसे मिली छूट