दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में सीनियर आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या और रेप के मामले में गिरफ्तार आरोपी राहुल मीणा ने पुलिस पूछताछ में ऐसे खुलासे किए हैं, जो किसी भी इंसान का कलेजा कंपा दें. आरोपी को अपनी करतूत पर रत्ती भर भी पछतावा नहीं है. उसने पुलिस के सामने बेहद सामान्य लहजे में कहा कि अगर 'दीदी' ने उसे पैसे दे दिए होते, तो यह नौबत न आती. विस्तार से जानिए पूरी बात.
ADVERTISEMENT
'दीदी पैसे दे देती तो हत्या न होती'
पुलिस की हिरासत में राहुल मीणा ने स्वीकार किया कि वह घर में केवल चोरी के इरादे से घुसा था. उसने बताया कि जब आईआरएस अधिकारी की बेटी उसके सामने आ गई, तो उसने पैसे मांगे. राहुल के मुताबिक, 'अगर दीदी पैसे दे देती तो मैं रेप और हत्या न करता.' उसने बताया कि पैसे न मिलने पर उसने पास रखे एक भारी लैंप से लड़की के सिर पर वार किया, जिससे वह बेहोश हो गई. इसके बाद उसने बेहोशी की हालत में उसके साथ दरिंदगी की.
घर में एंट्री के लिए बोला झूठ
जांच में यह भी साफ हो गया है कि राहुल घर के अंदर कैसे दाखिल हुआ. उसने बताया कि जब उसने घर की बेल बजाई और पीड़िता बाहर आई, तो उसने झूठ बोला कि 'आंटी (पीड़िता की मां) ने मुझे पैसे देने के लिए बुलाया है.' पुराने नौकर होने के नाते लड़की ने उस पर भरोसा किया और दरवाजा खोल दिया. अंदर घुसते ही राहुल ने अपनी असलियत दिखा दी.
ऑनलाइन गेमिंग का कर्ज और आपराधिक इतिहास
राहुल मीणा ऑनलाइन 'तीन पत्ती' गेम खेलने का आदी था और उस पर लाखों का कर्ज था. खास बात यह है कि आईआरएस अधिकारी उसके कर्ज की किस्तें भी भरते थे और उसे 15,000 रुपये सैलरी के साथ बोनस भी देते थे. खुद राहुल ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि परिवार का उसके प्रति व्यवहार बहुत अच्छा था. इसके बावजूद उसने उसी परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि दिल्ली आने से पहले राहुल ने राजस्थान के अलवर में भी एक महिला के साथ रेप किया था.
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए 1.5 लाख रुपये में से 1 लाख रुपये और गहने बरामद कर लिए हैं. फिलहाल कोर्ट ने राहुल को 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है. इस दौरान पुलिस उसे क्राइम सीन पर ले जाकर सीन रिक्रिएट करेगी और अलवर भी ले जाएगी ताकि पुराने मामलों की तफ्तीश की जा सके.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


