राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए सरेआम आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है. ताजा मामला दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र का है, जहां मंगलवार शाम को एक रेस्टोरेंट के भीतर सनसनीखेज फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. वारदात के समय रेस्टोरेंट में कई लोग मौजूद थे, लेकिन बदमाशों ने बिना किसी खौफ के गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया. अब इस पूरी घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है.
ADVERTISEMENT
कुर्सी छूने के मामूली विवाद में मारी गोली
मिली जानकारी के मुताबिक, एक नाबालिग लड़का रेस्टोरेंट में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बैठकर चाप खा रहा था. उसी दौरान कुछ अन्य लड़के भी वहां पहुंचे. रेस्टोरेंट के भीतर जगह कम होने या लापरवाही के चलते, आने वाले लड़कों में से एक लड़के का शरीर या कपड़ा वहां बैठे पीड़ित नाबालिग की कुर्सी से छू गया. पीड़ित ने इस बात का विरोध किया, जिसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई. उस वक्त तो आरोपी लड़के वहां से वापस चले गए, लेकिन उनके मन में रंजिश बैठ गई थी.
बदमाशों ने वापस लौटकर किया जानलेवा हमला
मामूली कहासुनी के कुछ ही देर बाद आरोपी लड़के पूरी तैयारी के साथ दोबारा उसी रेस्टोरेंट में दाखिल हुए. इस बार उनके इरादे बेहद खतरनाक थे. रेस्टोरेंट में आते ही आरोपियों में से एक लड़के ने पिस्तौल निकाली और सीधे पीड़ित नाबालिग युवक पर निशाना साधते हुए एक राउंड फायर झोंक दिया. गोली सीधे पीड़ित को लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से बड़ी आसानी से फरार हो गए.
पीड़ित की हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए नाबालिग युवक को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल पीड़ित की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही अमर कॉलोनी थाना पुलिस और जिले के तमाम बड़े आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने वारदात वाली जगह का मुआयना किया है और घटना से जुड़े तमाम सबूत इकट्ठा किए हैं.
आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी तेज
पुलिस इस पूरे मामले की जांच में गंभीरता से जुट गई है और घटना के पीछे के हर संभावित एंगल को खंगाला जा रहा है. वारदात वाले रेस्टोरेंट और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है, जिसमें हमलावर साफ तौर पर नजर आ रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने और उनकी धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.
ADVERTISEMENT


