राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है. दिल्ली विधानसभा और आसपास के इलाके में आज दोपहर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अचानक एक कार सुरक्षा घेरों को तोड़ते हुए अंदर घुसी. कार के गेट तोड़ने के बाद वहां एक जोरदार आवाज हुई जिससे की आसपास मौजूद लोग हक्के-बक्के रह गए और लोग वहां पहुंचे. लेकिन तभी अंदर से वही गाड़ी फिर बाहर की ओर निकली और फरार हो गई. जब कार बाहर आ गई तब स्पीकर रूम के बाहर एक गुलदस्ता रखा हुआ मिला. फिलहाल इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई जारी है. विस्तार से जानिए पूरे मामले की कहानी.
ADVERTISEMENT
बैरिकेडिंग तोड़ घुसा था अंदर
मिली जानकारी के मुताबिक आज यानी सोमवार के दोपहर करीबन 2 बजकर 5 मिनट पर एक UP नंबर Tata Sierra कार मॉल रोड स्थित बंद रहने वाले गेट को तोड़कर VIP एंट्री से अंदर घुस गई. जैसे ही गाड़ी अंदर घुसी तो जोरदार आवाज सुनाई दी जिससे लोग वहां पर जमा हो गए. तभी कार वापस आई और गेट को टक्कर मारते हुए फिर बाहर की ओर भाग गई. कार के फरार होने के बाद स्पीकर रूम के बाहर फूलों का एक गुलदस्ता मिला, जिससे लोगों के मन में शक पैदा हो गया. हालांकि गुलदस्ते में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिला है और मामले की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला.
चश्मदीदों ने बताई ये बात
वहां पर मौजूद 2 चश्मदीदों ने घटना की पूरी आंखों-देखी बताई है. उन्होंने कहा की वे गेट नंबर 2 के पास खड़े थे, तभी अचानक से एक तेज आवाज सुनाई दी. उन्होंने देखा तो एक Tata Sierra कार परिसर का गेट तोड़ते हुए अंदर घुस गई है. कार विधानसभा परिसर के अंदर थोड़ी देर घूमकी रह, जिससे की वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. फिर कार वापस आई और गेट को जोरदार टक्कर मारते हुए वहां से फरार हो गई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
दिल्ली पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों में आरोपी को पकड़ लिया है. पुलिस ने उस टाटा सियारा गाड़ी को भी जब्त किया है जिसे इस घटना को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किया गया था. पुलिस ने आरोपी को रूपनगर इलाके से गिरफ्तार किया है और उसका नाम सरबजीत सिंह बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आरोपी के मंशा जानने की कोशिश कर रही कि आखिर उसने इस घटना को क्यों अंजाम दिया है.
हाथ में गुलदस्ता लिए हुए सीसीटीवी आई सामने
घटना के बाद एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें आरोपी साफ-साफ दिख रहा है. आरोपी के हाथों में वहीं गुलदस्ता दिख रहा है जो उसने विधानसभा स्पीकर के रूम के बाहर रखा था. इसके अलावा उसके पास कुछ पेपर और एक काला बैग देखा जा सकता है. अब पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आखिर उस काले बैग में क्या था और पेपर में क्या लिखा हुआ है.
ADVERTISEMENT


