Delhi Auto Gang News:अअगर आप या आपके परिवार का कोई बुजुर्ग सदस्य देश की राजधानी दिल्ली में ऑटो रिक्शा से सफर करता है तो यह खबर आपके लिए एक बड़ा अलर्ट है. दिल्ली की शाहदरा जिला पुलिस ने एक ऐसे बेहद शातिर और चालाक ऑटो गैंग का भंडाफोड़ किया है. बताया जा रहा है कि ये गैंग खासतौर पर अकेले सफर करने वाली बुजुर्ग महिलाओं को अपनी ठगी का शिकार बनाता था. इस मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाला ऑटो रिक्शा भी बरामद हुआ है.
ADVERTISEMENT
क्या है इनका 'ऑटो वाला' मॉडस ऑपेरंडी?
शाहदरा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने इस गैंग के काम करने के तरीके का खुलासा करते हुए बताया कि ये लोग बेहद शातिराना तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे:
1. फर्जी एड्रेस वाला ऑटो: ये दोनों भाई सबसे पहले एक ऐसा ऑटो रिक्शा खरीदते थे, जिसका असली मालिक तो असली होता था, लेकिन वह उस आरसी (RC) वाले पते पर नहीं रह रहा होता था. इससे पुलिस को उन तक पहुंचने में मुश्किल होती थी.
2. सवारी बनकर बैठना: ऑटो में एक भाई ड्राइवर बनता था और दूसरा भाई पहले से ही पैसेंजर (सवारी) बनकर अंदर बैठ जाता था.
3. बुजुर्ग महिलाओं को टारगेट: ये मुख्य रूप से उम्रदराज और बुजुर्ग महिलाओं को अपना निशाना बनाते थे. रास्ते में पहले से बैठा भाई महिला से कहता था कि "आगे पुलिस की सख्त चेकिंग चल रही है, आपके पास जो भी सोने के आभूषण या कैश हैं, उन्हें उतारकर सुरक्षित बैग में रख लीजिए."
4. ऑटो खराब होने का नाटक: जैसे ही सहमी हुई महिला अपने गहने उतारकर बैग में रखती, कुछ दूरी पर जाकर ड्राइवर ऑटो के खराब होने का बहाना बना देता था. महिला को नीचे उतारने और चढ़ाने के इसी ड्रामे के बीच ये लोग पलक झपकते ही महिला का बैग पार कर देते थे और फरार हो जाते थे.
70 साल की बुजुर्ग महिला बनी शिकार, ऐसे खुली पोल
हाल ही में 17 जून को शाम करीब 4 बजे, मेट्रो से उतरी एक 70 साल की बुजुर्ग महिला ने दूसरी जगह जाने के लिए इनका ऑटो हायर किया था. इन बदमाशों ने महिला को पुलिस चेकिंग का डर दिखाया, गहने उतरवाए और फिर ऑटो खराब होने का नाटक कर उनका कीमती गहनों से भरा बैग उड़ा लिया.
महिला की शिकायत के बाद शाहदरा थाना पुलिस और उनके स्टाफ ने इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले. पुलिस के पुराने रिकॉर्ड्स और तकनीकी सर्विलांस की मदद से इस पूरे गैंग को दबोच लिया गया.
जेल से छूटकर आए सगे भाई चढ़े पुलिस के हत्थे
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शहनवाज (30 वर्ष) और साजिद (28 वर्ष) के रूप में हुई है. ये दोनों सगे भाई हैं और दिल्ली के खजूरी खास इलाके के रहने वाले हैं.
शहनवाज का पुराना आपराधिक इतिहास है, उस पर डकैती, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के करीब 8 मामले दर्ज हैं.
साजिद पर भी पहले से मुकदमा दर्ज है और वह हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था.
इनका एक तीसरा साथी फरीद अभी फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
चोरी के गहनों को 'मनापुरम फाइनेंस' में रखा गिरवी
पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. इन बदमाशों ने बुजुर्ग महिला से लूटे गए सोने के आभूषणों को 'मणपुरम फाइनेंस' में ले जाकर गिरवी रख दिया और वहां से ₹1,41,000 का गोल्ड लोन उठा लिया. पुलिस ने संबंधित फाइनेंस कंपनी को लीगल नोटिस जारी कर दिया है और गहनों की रिकवरी की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
दिल्ली पुलिस की आम जनता को सलाह
शाहदरा पुलिस ने दिल्लीवासियों, खासकर सीनियर सिटीजंस को सलाह दी है कि सफर के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों पर आसानी से भरोसा न करें. अगर कोई ऑटो ड्राइवर या पैसेंजर रास्ते में बार-बार पुलिस चेकिंग का डर दिखाए या अचानक ऑटो खराब होने का बहाना करे, तो तुरंत सतर्क हो जाएं और बिना देरी किए पुलिस को सूचित करें.
यह भी पढ़ें: Delhi Metro: दिल्ली में दौड़ेगी देश की पहली 3 कोच वाली मेट्रो, जानें रूट-स्टेशन और इसकी खासियत
ADVERTISEMENT


