यदि आप रोजाना दिल्ली के मयूर विहार से साउथ दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) का सफर तय करते हैं और आपको घंटों लंबे ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है, तो आपके लिए राहत भरी खबर है. दिल्ली सरकार की ओर से बारापुला फेज-3 प्रोजेक्ट का काम लगभग पूरा कर लिया गया है. सरकार इसी महीने यानी अगस्त में इसे आम लोगों के लिए खोलने जा रही है. यह पूरा स्ट्रेच लगभग 3.5 किलोमीटर लंबा है, जो सीधे मयूर विहार को साउथ दिल्ली के एम्स से जोड़ता है.
ADVERTISEMENT
घंटों का सफर अब महज 15 मिनट में
रोजाना मयूर विहार से अक्षरधाम, एनएच-24 और सराय काले खां होते हुए खान मार्केट की तरफ जाने वाले यात्रियों को रोजाना एक से डेढ़ घंटे भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है. इस प्रोजेक्ट के चालू होने के बाद अब यात्रियों को जाम में फंसने से मुक्ति मिल जाएगी. जो सफर तय करने में पहले घंटों लग जाते थे, वह अब महज 15 मिनट में पूरा हो सकेगा. इससे लाखों लोगों के समय की बचत होगी.
एक दशक के लंबे इंतजार के बाद तैयार हुआ प्रोजेक्ट
इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में लगभग 10 साल से भी अधिक का समय लगा है. साल 2014 में इसका शिलान्यास किया गया था और 2015 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था. इस दौरान कई बार गाइडलाइंस और डेडलाइन बदली गईं. हाल ही में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा की ओर से जून-जुलाई की डेडलाइन दी गई थी, जिसके बाद अब जाकर इसका काम पूरी तरह से पूरा कर लिया गया है.
आधुनिक ट्रैफिक लेन और साइकिल ट्रैक की सुविधा
लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा इस पूरे प्रोजेक्ट को काफी खूबसूरती से तैयार किया गया है. एलीवेटेड रोड पर सामान्य वाहनों की आवाजाही के लिए कई ट्रैफिक लेन बनाई गई हैं. इसके साथ ही, जो लोग साइकिल से यात्रा करना पसंद करते हैं, उनके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से एक अलग समर्पित साइकिल ट्रैक भी तैयार किया गया है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी उद्घाटन
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इसी महीने इस पूरे प्रोजेक्ट का औपचारिक उद्घाटन करेंगी. इस सड़क के शुरू हो जाने से रोजाना भारी जाम से जूझने वाले लाखों वाहन चालकों को बड़ी सहूलियत मिलेगी.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


