दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के बिंदापुर इलाके से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां मां और बेटे के बीच चल रहा घरेलू झगड़ा एक निर्दोष युवक की जान पर भारी पड़ गया. शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे तालाब वाला पार्क के पास एक इमारत की तीसरी मंजिल से भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर नीचे आ गिरा जो सीधे ग्राउंड फ्लोर पर खड़े 30 वर्षीय साहिल के सिर पर जा लगा. इस हादसे में साहिल की दर्दनाक मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
पल भर में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार
मृतक साहिल उसी इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर अपनी पत्नी और एक साल के मासूम बेटे के साथ किराए पर रहता था. शुक्रवार की शाम वह रोज की तरह अपनी बिल्डिंग के बाहर खड़ा था, तभी ऊपर से अचानक भारी-भरकम सिलेंडर उसके सिर पर आ गिरा. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हालत नाजुक देखते हुए उसे दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
आरोपी को शराब की लत, आए दिन करता था हंगामा
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए इमारत के मालिक के भतीजे शिवम शर्मा को हिरासत में ले लिया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि शुक्रवार शाम शिवम और उसकी मां के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो रही थी. आरोप है कि इसी झगड़े के दौरान गुस्से में आकर उसने बालकनी से भरा हुआ सिलेंडर नीचे फेंक दिया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवम को शराब पीने की बुरी लत है और वह अक्सर नशे की हालत में घर में हंगामा करता था. मोहल्ले वालों ने उसकी इन हरकतों की शिकायत पहले भी मकान मालिक से की थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसका नतीजा अब एक बेगुनाह की मौत के रूप में सामने आया है.
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि सिलेंडर गुस्से में जानबूझकर नीचे फेंका गया था या फिर मां-बेटे की छीना-झपटी में हादसा हो गया.
ये भी पढ़ें: गाजियाबाद: रामलखन के अंतिम संस्कार में खुला उनकी कथित दो शादियों का राज, आमने-सामने आईं दोनों पत्नियां, अब
ADVERTISEMENT


