दिल्ली का दिल कहा जाने वाला कनॉट प्लेस (CP) आज एक बार फिर भारी सियासी हलचल, सुरक्षा के कड़े पहरे और प्रशासनिक खींचतान का केंद्र बन गया है. अवसर है 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके द्वारा आज शाम 5 बजे सेंट्रल पार्क में बुलाई गई बहुचर्चित 'लहरा दो तिरंगा' यात्रा का।.हालांकि, इस रैली के जमीन पर उतरने से पहले ही दिल्ली की राजनीति और कानून-व्यवस्था का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है.
सुप्रीम कोर्ट में इस मामले से जुड़े घटनाक्रम पर हुई सुनवाई के बीच, दिल्ली पुलिस ने एहतियातन कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. जानकारी के मुताबिक, CJP प्रमुख अभिजीत दिपके इस समय दिल्ली के झंडेवालान स्थित एक बंगले में ठहरे हुए हैं, जहां पुलिस की टीमें पहुंच चुकी हैं . दिपके ने एक दिन पहले ही अपनी गिरफ्तारी की आशंका जता दी थी.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं. CP और उसके आसपास के इलाकों में BNSS की धारा 163 लागू कर दी गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 6,000 दिल्ली पुलिसकर्मियों के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों (CAPF) के 22,000 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं. वहीं, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए 16 और 17 अक्टूबर के लिए सेंट्रल पार्क को आम जनता के पूरी तरह बंद कर दिया है.
दूसरी ओर, त्योहारों के सीजन के ठीक बीच में इस बड़े विरोध प्रदर्शन को लेकर नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने तीखा विरोध दर्ज कराया है. व्यापारियों का कहना है कि कनॉट प्लेस एक सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (CBD) है, न कि धरना-प्रदर्शन की जगह. ऐसे आयोजनों से न सिर्फ ग्राहकों और आम जनता को भारी असुविधा होती है, बल्कि व्यापारियों के कारोबार और सरकारी राजस्व को भी करारा झटका लगता है.
अब देखना यह है कि प्रशासन की सख्त पाबंदियों और भारी पुलिस बल के बीच CJP का यह ऐलान धरातल पर उतर पाता है या नहीं. पल-पल के अपडेट्स के लिए बने रहिए हमारे साथ...
- 04:30 PM • 16 Oct 2026
तिरंगा यात्रा को लेकर CJP ने की ये बड़ी अपील
तिरंगा यात्रा से पहले कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP ने एक खास अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि, तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है. साथ ही एक तस्वीर भी साझा करते हुए तीन पॉइंट्स लिखे हैं:
1. पांच से कम लोगों के समूहों में कनॉट प्लेस (Connaught Place) जाएं.
2. कनॉट प्लेस में राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) फहराएं और उसके साथ अपनी एक तस्वीर लें.3. कनॉट प्लेस से वापस आकर देश को यह दिखाएं कि तिरंगा फहराना कोई अपराध नहीं है और इसके लिए #LeharaDoTiranga हैशटैग का उपयोग करें.
- 04:07 PM • 16 Oct 2026
अभिजीत दिपके को जारी किए गए 2 नोटिस
दिल्ली पुलिस ने आज अभिजीत दिपके को दो अलग-अलग सख्त नोटिस जारी किए हैं. पहला नोटिस नई दिल्ली जिले की ओर से दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत दिया गया है, जिसमें उन्हें चेतावनी दी गई है कि वे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में न आएं क्योंकि वहां BNSS की धारा 163 लागू है और प्रदर्शन की कोई अनुमति नहीं है. वहीं, दूसरा नोटिस साउथ वेस्ट दिल्ली की ओर से दिया गया है, जिसमें उन्हें याद दिलाया गया है कि पूर्व में एयरपोर्ट से एहतियातन हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान उन पर, आशुतोष और सौरव पर जो बॉन्ड (बाउंड डाउन) लगाया गया था और एक साल तक अशांति न फैलाने की शर्त रखी गई थी, यह प्रस्तावित प्रदर्शन उसका उल्लंघन हो सकता है.
- 03:46 PM • 16 Oct 2026
CJP के तिरंगा यात्रा से पहले CP से आई बड़ी जानकारी
शाम 5 बजे होने वाली CJP और आम आदमी पार्टी की प्रस्तावित तिरंगा मार्च को लेकर कनॉट प्लेस में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार ब्रीफिंग की जा रही है, जिसके मद्देनजर इलाके में भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है. इस हाई-वोल्टेज प्रोटेस्ट और सुरक्षा पाबंदियों के चलते कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में भयंकर ट्रैफिक जाम लग गया है, जिससे आम जनता और राहगीरों को पिछले कई दिनों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
- 03:35 PM • 16 Oct 2026
तिरंगा यात्रा से पहले पुलिस का आया बड़ा बयान
दिल्ली के कनॉट प्लेस में अभिजीत दिपके के 'लहरा दो तिरंगा' प्रदर्शन से पहले DCP स्पेशल सेल नर्रा चैतन्य ने कहा, 'सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रहे. फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है.'
- 03:25 PM • 16 Oct 2026
CJP Tiranga Yatra LIVE: दिल्ली पुलिस ने दिपके को जारी किया नोटिस
Delhi CJP Protest Updates: दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को 16 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर नोटिस जारी किया है, क्योंकि इसके लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी. पुलिस ने तर्क दिया है कि कनॉट प्लेस एक सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट है जहां 15 लाख से अधिक लोगों की आजीविका जुड़ी है और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर रोजाना करीब 2 लाख यात्रियों की आवाजाही होती है, जिससे भारी भीड़ जुटने पर ट्रैफिक, सुरक्षा और भगदड़ का गंभीर खतरा पैदा हो सकता है. इसके अलावा, संसद व राजनयिक क्षेत्रों की नजदीकी, पिछले प्रदर्शनों में कानून-व्यवस्था बिगड़ने के इतिहास और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए पुलिस ने इलाके में BNSS की धारा 163 और दिल्ली पुलिस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रदर्शन पर रोक लगाई है. नोटिस में दीपके को निर्देश दिया गया है कि वे कनॉट प्लेस जैसे गैर-निर्धारित स्थल पर रैली करने के बजाय कानून का पालन करें और निर्धारित स्थलों पर ही अनुमति के साथ प्रदर्शन करें, अन्यथा नियमों का उल्लंघन करने पर BNS की धारा 223 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
- 02:22 PM • 16 Oct 2026
Tiranga Yatra LIVE Updates: तिरंगा यात्रा से पहले अभिजीत दिपके को लेकर आई बड़ी खबर
LIVE Updates Tiranga Yatra: CJP के अभिजीत दिपके ने आज यानी 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे CP के सेंट्रल पार्क में तिरंगा यात्रा बुलाया है, जहां वो तिरंगा लहराकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे. लेकिन इससे पहले बड़ी जानकारी सामने आई है. अभिजीत दिपके के घर पुलिस पहुंची है. इससे पहले बीती रात उन्होंने गिरफ्तारी की आंशका जताई थी.
ADVERTISEMENT


