इन्हें जनता की जान की भी कोई परवाह नहीं है, और कितनी जानें लेकर होश में आएगी ये लापरवाह सरकार-अरविंद केजरीवाल

दिल्ली में बढ़ती हत्याओं और नालों-गड्ढों में गिरकर हो रही मौतों को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा की 'चार इंजन' सरकार पर बड़ा हमला बोला है. अरविंद केजरीवाल और सौरभ भारद्वाज ने एलजी और डीडीए को लापरवाही का जिम्मेदार ठहराते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए.

NewsTak
अरविंद केजरीवाल ने कहा- भाजपा ने सिर्फ़ 1 साल में ही पूरी दिल्ली का सत्यानाश कर दिया है

न्यूज तक डेस्क

follow google news

दिल्ली में भाजपा की चार इंजन की सरकार की एक के बाद एक लापरवाही के चलते मासूम लोग अपनी जान गंवा रहे हैं और पूरा सरकारी तंत्र मौन है. आम आदमी पार्टी ने देश की राजधानी में लगातार बढ़ती जा रही हत्या और नालों-गड्ढों में गिरकर मौत की घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. बुधवार को "आप" के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा सरकार की लापरवाही को जिम्मेदार बताते को हुए एक्स पर कहा कि भाजपा ने सिर्फ़ 1 साल में ही पूरी दिल्ली का सत्यानाश कर दिया है. इन्हें जनता की जान की भी कोई परवाह नहीं है. आख़िर और कितनी जानें लेकर ये लापरवाह सरकार होश में आएगी?

Read more!

उधर दिल्ली में बढ़ती हत्या और हादसे की घटनाओं पर "आप" के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में नदी-नालों के एक स्वघोषित विशेषज्ञ उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना हैं और उन्हीं का विभाग दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) है. दिल्ली में सिर्फ यही नहीं, बल्कि पता नहीं कहां-कहां दिल्ली सरकार और डीडीए के नाले खुले हुए हैं और उनमें गिरकर लोगों की मृत्यु हो रही है. 

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि एक समय था जब उपराज्यपाल स्वयं को लोकल गार्जियन कहते थे. वे टोपी और चश्मा लगाकर, अफसरों की पूरी फौज लेकर तत्कालीन ''आप'' सरकार की कमियां निकालते थे. अब वे एक साल से गायब हैं और सरकार को चिट्ठी भी नहीं लिख रहे हैं, क्योंकि अब भाजपा की चार इंजन वाली सरकार की पोल सबके सामने खुल गई है.

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज से दो साल पहले जब पूर्वी दिल्ली में डीडीए के नाले में कोई युवक गिरा था, तो तुरंत कह दिया गया था कि यह हमारा नहीं है, यह तो एमसीडी का है. वे दूसरों पर दोष मढ़ने के लिए सबसे आगे रहते थे. मगर आज दिल्ली में एमसीडी, डीडीए, दिल्ली सरकार, उपराज्यपाल और केंद्र सरकार सब भाजपा के अधीन हैं. 

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज अगर कहीं गड्ढा है तो वह भाजपा का है, कहीं नाला खुला है तो वह भाजपा का है और कहीं इमारत गिर रही है तो वह भाजपा की जिम्मेदारी है. कहीं स्कूल से निकलते हुए 14 साल के बच्चे की हत्या हो रही है, तो वह भाजपा की जिम्मेदारी है.

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में 24 घंटे के अंदर छह-छह हत्याएं हो रही हैं. इसमें दसवीं कक्षा, नौवीं कक्षा के बच्चे की हत्या हो रही है. सिर में चाकू घोंपकर हत्या की जा रही है. इसके बावजूद न तो उपराज्यपाल का कोई बयान आता है, न केंद्रीय गृह मंत्री का और न ही मुख्यमंत्री का बयान आता है. 

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सब चुप हैं और ऐसा लग रहा है जैसे यह सब किसी और दिल्ली में हो रहा है. ये लोग किसी दूसरी दिल्ली में घूम रहे हैं, जहां भजन हो रहे हैं, फीते काटे जा रहे हैं, नाच-गाना हो रहा है और छोले-भटूरे खाए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री की एक अलग ही दिल्ली है.

सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर कहा कि दिल्ली में दो दिल्ली हैं. एक दिल्ली लोगों की है और दूसरी दिल्ली है सीएम रेखा गुप्ता की है. एक दिल्ली में 24 घंटे में 6 लोगों की हत्या हो रही है, नाले में और गड्ढे में गिर कर घर के चिराग बुझ रहे हैं. दूसरी दिल्ली में सीएम नाच-गा रही है, फीते काट रही है, छोले भटूरे खा रही है । क्या अपने बेटे के साथ ऐसा हो तो मां ये कर सकती है?

    follow google news