पहले बंद हुए CCTV कैमरे, फिर घर पहुंचे 6 लोग... मां ने बताया सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेटे विनय के साथ ससुराल वालों ने क्या किया

हिमांशु मिश्रा

• 01:59 PM • 23 Aug 2026

Delhi Vinay Murder Case : दिल्ली में बच्चे की दवाई लगाने जैसे मामूली विवाद पर पत्नी ने अपने मायके वालों को बुला लिया. इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने एडोब कंपनी में काम करने वाले 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय पर बेरहमी से हमला कर उसकी जान ले ली. पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

दिल्ली में मामूली विवाद में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या
दिल्ली में मामूली विवाद में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या
Google CTA

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर पारिवारिक विवाद और गुस्से ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया. बच्चे के सिर पर दवाई लगाने जैसी बेहद मामूली सी बात को लेकर शुरू हुआ कहासुनी का दौर एक खौफनाक हत्याकांड में तब्दील हो गया. एडोब कंपनी (Adobe) में काम करने वाले 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय की उसके ही ससुराल वालों ने उसके अपने घर में बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी.

Read more!

मामूली सी बात और खौफनाक साजिश

मृतक विनय के परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन 4 महीने के जुड़वा बच्चे के सिर पर दाद या फुंसी होने पर दवाई लगाने को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हुई थी. इसके बाद पत्नी रेखा ने अपने मायके (बुध विहार) फोन करके अपने भाइयों और अन्य परिजनों को बुला लिया.

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह पूरी घटना पूर्व नियोजित थी. वारदात से ठीक पहले सुबह 11 से 12 बजे के बीच घर के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे.

पानी का गिलास लेकर आया था विनय, तभी टूट पड़े ससुराल वाले

परिजनों ने बताया कि जब रेखा के दो भाई (राजकुमार और वेद), पिता, भाभी और चाचा सहित करीब 6 लोग पहुंचे, तो विनय ने एक अच्छे मेजबान की तरह उनके लिए पीने का पानी सर्व किया. लेकिन बातचीत शुरू होते ही ससुराल पक्ष के लोग उग्र हो गए और उन्होंने विनय का गला दबा दिया.

विनय के पिता कैंसर पेशेंट हैं और उनकी मां वृद्ध हैं. जब माता-पिता ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर दूर फेंक दिया और विनय की छाती व पेट पर चढ़कर लगातार हमला करते रहे.

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

हमले के बाद जब विनय पूरी तरह बेसुध हो गया, तब आरोपी मौके से फरार हो गए. विनय की मौसी और उनका बेटा जब तक उसे संभालकर नीचे लाए और अस्पताल लेकर भागे तब तक रास्ते में ही विनय की मौत हो चुकी थी. डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया.

विनय की मां ने क्या बताया?

विनय की मां ने आरोप लगाया कि यह पूरी घटना पहले से रची गई साजिश थी. उनका कहना है कि वारदात के समय घर के CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे, जबकि आसपास के लोगों से पता चला कि उस दौरान इलाके की बिजली नहीं गई थी. उन्होंने बताया कि पत्नी रेखा के जाने के करीब 10 मिनट बाद ही उसके मायके से 6 लोग घर पहुंच गए और आते ही विनय के साथ मारपीट शुरू कर दी. मां के मुताबिक, आरोपियों ने विनय का गला दबाया और उसके पेट व छाती पर हमला किया. उन्होंने और विनय के पिता ने बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी धक्का देकर अलग कर दिया गया. मां का आरोप है कि मामूली विवाद को लेकर यह पूरा हमला पहले से प्लान किया गया था.

विनय की मौसी ने क्या बताया?

विनय की मौसी ने बताया कि जब वह नीचे लाए गए विनय के पास पहुंचीं तो वह बेहद गंभीर हालत में था. विनय उनसे बार-बार लेटाने के लिए कह रहा था और रास्ते में उसने बताया कि उसे दिखाई नहीं दे रहा है. मौसी के मुताबिक, अस्पताल ले जाते समय उसके हाथ-पैर ठंडे पड़ने लगे और कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौसी ने कहा कि विनय परिवार का इकलौता सहारा था और अब परिवार आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहा है.

सिर से उठा पिता का साया, पुलिस जांच में जुटी

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक विनय अपने पूरे परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और एक शांत स्वभाव का सॉफ्टवेयर इंजीनियर था. उसके करीब साढ़े चार महीने के जुड़वा बच्चे हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ चुका है.

घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए. पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पत्नी समेत ससुराल पक्ष के संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.


यह भी पढ़ें: दिल्ली में बढ़ गए H1N1 केस, 1777 मामले हुए दर्ज, जेपी नड्डा ने बुलाई बड़ी बैठक