दिल्ली से देहरादून की नॉन-स्टॉप दूरी हुई महज 2.5 घंटे की, Video में देखिए ट्रैवलिंग का शानदार एक्सपीरियंस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे, जिससे दोनों शहरों के बीच का सफर महज 2.5 घंटे का रह जाएगा. यह हाईवे डिजिटल मॉनिटरिंग, सोलर लाइट्स और उच्च स्तरीय सुरक्षा मानकों से लैस है.

दिल्ली न्यूज
दिल्ली न्यूज

मनीष चौरसिया

follow google news

दिल्ली से देहरादून जाने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. अब पहाड़ों की रानी तक पहुंचने के लिए आपको घंटों ट्रैफिक में फंसने की जरूरत नहीं पड़ेगी. दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (National Highway) बनकर लगभग तैयार है, जिसका औपचारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को करने जा रहे हैं. इस नए हाईवे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून की दूरी समय के लिहाज से आधी से भी कम रह जाएगी.

Read more!

समय की होगी भारी बचत

वर्तमान में अगर आप ट्रेन (शताब्दी) से दिल्ली से देहरादून जाते हैं, तो लगभग 6 घंटे लगते हैं और वंदे भारत से करीब 4 घंटे 45 मिनट का समय लगता है. वहीं, सड़क मार्ग से अभी तक 6 से 7 घंटे का समय लगता था. लेकिन इस नए हाईवे के जरिए आप महज 2.5 घंटे में दिल्ली से देहरादून पहुंच जाएंगे.

हाईवे की सुरक्षा और हाईटेक इंतजाम

यह हाईवे न केवल सफर को छोटा बनाएगा, बल्कि इसे बेहद सुरक्षित और हाईटेक भी बनाया गया है:

  • रफ्तार की सीमा: छोटी गाड़ियों के लिए 100 किमी/घंटा और बसों जैसे भारी वाहनों के लिए 80 किमी/घंटा की रफ्तार तय की गई है.
  • डिजिटल मॉनिटरिंग: हाईवे पर जगह-जगह डिजिटल स्पीडोमीटर और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो ओवरस्पीडिंग करने वालों पर नजर रखेंगे.
  • सुरक्षा शील्ड: हाईवे के किनारों पर 7-8 फीट ऊंची सुरक्षा शील्ड लगाई गई है ताकि दुर्घटना की स्थिति में गाड़ी फ्लाईओवर से नीचे न गिरे.
  • स्मार्ट लाइटिंग: पूरे हाईवे पर सोलर पैनल से चलने वाली स्ट्रीट लाइट्स लगाई गई हैं, जिससे रात के सफर में भी पूरी रोशनी रहेगी.
  • इमरजेंसी हेल्प: किसी भी हादसे की स्थिति में मदद के लिए जगह-जगह '103' हेल्पलाइन नंबर के साइनबोर्ड लगाए गए हैं.

इन इलाकों को मिलेगा बड़ा फायदा

यह हाईवे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर बागपत, बड़ौत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर होते हुए देहरादून तक जाता है. इससे न केवल पर्यटकों को फायदा होगा, बल्कि इन इलाकों के व्यापारियों के लिए भी दिल्ली और देहरादून तक माल पहुंचाना बेहद आसान हो जाएगा. इसके अलावा, मसूरी जाने वाले पर्यटकों और चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह कॉरिडोर एक वरदान साबित होगा.

 

    follow google news