देश की राजधानी दिल्ली में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें न तो कानून का डर है और न ही पुलिस का. ताजा मामला आनंद पर्वत थाना इलाके का है, जहां रूट नंबर 918 (सचिवालय से नांगलोई) की एक डीटीसी क्लस्टर बस में जेबकतरों ने न केवल वारदात को अंजाम दिया, बल्कि पकड़े जाने पर बस पर पथराव कर शीशे भी तोड़ दिए. इस घटना ने बस में सवार करीब 30-35 यात्रियों की जान जोखिम में डाल दी और पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया. आइए विस्तार से जानते है क्या है मामला.
ADVERTISEMENT
चोरी पकड़ी गई तो बुला लिए गुंडे साथी
घटना सुबह की है जब बस दिल्ली सचिवालय से नांगलोई की तरफ जा रही थी. बस में सवार कुछ जेबकतरों ने एक यात्री की जेब काट ली, जिसके बाद बस में हंगामा शुरू हो गया. यात्रियों ने सतर्कता दिखाते हुए जेबकतरों को मौके पर ही पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी. खुद को घिरता देख एक जेबकतरे ने फोन कर अपने साथियों को जानकारी दी. कुछ ही देर में बाइक और स्कूटी पर सवार होकर चार अन्य साथी वहां पहुंच गए और बस को रोकने के लिए ड्राइवर को धमकाने लगे.
सरेआम पथराव और जानलेवा हमला
जब बस ड्राइवर ने अपनी और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बस नहीं रोकी और उसकी रफ्तार तेज कर दी, तो बाइक सवार बदमाशों ने बस का पीछा करना शुरू कर दिया. बेखौफ अपराधियों ने चलती बस के पिछले हिस्से पर बड़े पत्थरों से हमला कर दिया. इस हमले में बस का पिछला शीशा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया. गनीमत यह रही कि इस पथराव में बस के अंदर बैठी किसी सवारी को चोट नहीं आई, लेकिन अचानक हुए इस हमले से यात्रियों में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर झुकने लगे.
पुलिस की कार्रवाई और ड्राइवरों में खौफ
हमले के बाद ड्राइवर ने बस को सीधे आनंद पर्वत थाने पहुंचाया, जहां लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. बस ड्राइवर और कंडक्टर ने आपबीती बताते हुए कहा कि इस रूट पर ऐसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं और अपराधियों को पुलिस का कोई खौफ नहीं है. जेबकतरे न केवल चोरी करते हैं, बल्कि पकड़े जाने पर हिंसक हमले करने से भी पीछे नहीं हटते. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उन बाइक सवार हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
यहां देखें वीडियो
'मलाई मिली तो साथ थे, मुसीबत आई तो...', राघव चड्ढा पर सोमनाथ भारती ने कसा तंज, किए कई बड़े खुलासे!
ADVERTISEMENT


